ब्रसेल्स, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। साल 2015 में पेरिस में हुए आतंकवादी हमलों के एकमात्र जीवित संदिग्ध सालाह अब्देसलाम को बेल्जियम की एक अदालत ने सोमवार को 20 साल कारावास की सजा सुनाई है। अब्देसलाम को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार अब्देसलाम (28) को आतंकवाद से संबंधित मामले में हत्या के प्रयास के जुर्म में सजा सुनाई गई है। इसके अलावा मुठभेड़ में उसके साथी सोफियन अयारी (24) को भी 20 साल कैद की सजा सुनाई गई है। सोमवार को सजा सुनाए जाने के वक्त दोनों अदालत में मौजूद नहीं थे। दोनों को इस मामले में दी जाने वाली अधिकतम सजा सुनाई गई है।
न्यायाधीश ने कहा कि उग्रवाद (रैडिकलिज्म) के मामले में दोनों की सहभागिता पर कोई शक नहीं किया जा सकता।
पुलिस ने अब्देसलाम को एक छापे में मोलेनबीक क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे फ्रांस भेज दिया गया था। अब्देसलाम पर आठ फरवरी से मुकदमा चल रहा था।
dharmpath.com dharmpath