दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं पर ओडिशा विधानसभा में हंगामा

भुवनेश्वर, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। ओडिशा विधानसभा में सोमवार को विपक्षी कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने राज्य में ‘दुष्कर्म के मामलों की बढ़ती संख्या’ को लेकर हंगामा किया।

उन्होंने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक द्वारा एक बयान की भी मांग की। वहीं, सरकार ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि विधानसभा इस मामले पर 26 अप्रैल को चर्चा करेगी।

सदन में जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, कांग्रेस और भाजपा के कई विधायक अध्यक्ष की सीट के पास पहुंचे और हंगामा करने लगे जिससे अध्यक्ष प्रदीप अमात को सदन को अपरान्ह तीन बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।

विपक्ष के नेता नरसिंह मिश्रा ने बाद में मीडिया से कहा, “राज्य भर में दुष्कर्म के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसा लगता है कि अपराधी कानून से डरते नहीं हैं। जमीनी स्तर पर कोई कानून नहीं है। मुख्यमंत्री को बयान देना चाहिए।”

भाजपा विधायक रबी नाइक ने कहा कि नाबालिगों संग दुष्कर्म हो रहे हैं। सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) अपराधियों को पकड़ने और पीड़ितों को न्याय दिलाने में नाकाम है।

दूसरी तरफ बीजद ने कहा कि सरकार कड़ी कार्रवाई कर रही है। चीफ व्हिप अमर प्रसाद सत्पथी ने कहा, “हम सभी ऐसी घटनाओं से दुखी हैं। इस तरह के गंभीर अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मुद्दे पर चर्चा 26 अप्रैल को की जाएगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493