लीमा, 9 मई (आईएएनएस)। ब्राजील फुटबाल जगत के दिग्गज खिलाड़ी माने जाने वाले रोनाल्डिन्हो अगले माह एक प्रदर्शनी मैच में हिस्सा लेंगे।
यह प्रदर्शनी मैच एलियांज लीमा और स्पोर्ट ब्वॉयज डेल कलाओ के बीच खेला जाएगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, 38 वर्षीय खिलाड़ी एलियांज लीमा के लिए इस प्रदर्शनी मैच के पहले हाफ में खेलते नजर आएंगे और इसके बाद, दूसरे हाफ में वह स्पोर्ट क्लब का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह प्रदर्शनी मैच एस्तादियो एलजेंद्रो निलानुएवा में 13 जून को खेला जाएगा।
स्पोर्ट ब्वॉयज के प्रशासक जोहान वासक्वेज ने संवाददाताओं से कहा, “हम आशा करते हैं कि अच्छे फुटबाल के खेल का समर्थन करने वाले और रोनाल्डिन्हो के साथ अच्छी यादें रखने वाले लोग इस मैच का आनंद लेंगे।”
रोनाल्डिन्हो ने फरवरी में फुटबाल जगत से संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने अपने करियर में फीफा विश्व कप, यूईएफए चैम्पियंस लीग जीती हैं। इसके साथ ही उन्होंने दो बार फीफा के साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी होने का पुरस्कार भी जीता है।
dharmpath.com dharmpath