नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय कुश्ती महासंघ और प्रो स्पोर्टिफाई ने सोमवार को पेशेवर कुश्ती लीग (पीडब्ल्यूएल) की शुरुआत की घोषणा की। इस लीग में देश और दुनिया के शीर्ष पहलवान हिस्सा लेंगे। नवम्बर में होने वाली इस लीग में सुशील कुमार और योगेश्वर दत्त जैसे ओलम्पिक पदक विजेता पहलवान अपने फन का जादू दिखाते नजर आएंगे।
इस लीग का आयोजन 8 नवम्बर से 29 नवम्बर के बीच होगा। इसमें ओलम्पिक में पदक जीत चुके दुनिया भर के 20 से अधिक पहलवान हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता के लिए 3 लाख डॉलर (लगभग 19 करोड़) रुपये की पुरस्कार और नीलामी राशि रखी गई है।
प्रतियोगिता में कुल 66 पहलवान हिस्सा लेंगे, जिनमें 36 पुरुष और 30 महिलाएं होंगी। फ्रेंचाइजी आधारित इस लीग को जीतने वाली टीम पुरस्कार राशि तीन करोड़ रुपये रखी गई है। इसके अलावा दो करोड़ रुपये विभिन्न स्तर पर खिलाड़ियों के बीच पुरस्कार के तौर पर वितरित किए जाएंगे।
नई दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में इस लीग की लांचिंग हुई। इस अवसर पर सुशील सहित कई प्रमुख पहलवानों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। सुशील ने कहा कि वह इस लीग के आने से खुश हैं क्योंकि इससे युवा खिलाड़ियों के लिए नए रास्ते खुलेंगे।
सुशील ने यह भी कहा कि वह इस बात को लेकर भी खुश हैं कि रियो ओलम्पिक से पहले उन्हें तथा तमाम भारतीय पहलवानों को देश में ही अभ्यास का अच्छा मौका मिल जाएगा। साथ ही भारतीय खिलाड़ी लीग के माध्यम से धन भी कमा सकेंगे।
इस लीग में छह टीमें होंगी। प्रत्येक टीम में 11 खिलाड़ी होंगे। इनमें छह पुरुष और पांच महिलाएं होंगी। एक टीम में छह भारतीय और पांच विदेशी खिलाड़ी होंगे। यह लीग बेस्ट ऑफ नाइन फॉरमेट के आधार पर खेली जाएगी।
सभी नौ मुकाबले लीग स्तर पर आयोजित होंगे। हर मुकाबले में तीन राउंड होंगे और प्रत्येक राउंड तीन मिनट का होगा। इसमें एक मिनट का ब्रेक भी होगा। लीग के लिए कई रोचक नियम बनाए गए हैं।
इस लीग को 150 से अधिक देशों में देखा जा सकेगा। इसका प्रसारण किस चैनल पर होगा, इसका खुलासा आने वाले दिनों में होगा। लीग के लिए 15 सितम्बर को नीलामी होगी और इसके मुकाबले छह शहरों में खेले जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath