रियो डी जेनेरियो, 7 अगस्त (आईएएनएस)। रियो ओलम्पिक के उद्घाटन समारोह में ईरान के दल पर सभी की निगाहें थीं। देश की तीरंदाज जाहरा नेमाती व्हीलचेयर पर अपने राष्ट्र का ध्वज लेकर दल की आगुआई कर रही थीं। इस ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाली नेमाती सिर्फ यहीं नहीं सिंतबर में शुरू होने वाले पैरालम्पिक खेलों में भी अपने देश की तरफ से हिस्सा लेंगी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, 31 वर्षीय नेमाती उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से हैं जिन्होंने ओलम्पिक और पैरालम्पिक दोनों खेलों के लिए क्वालीफाई किया है।
वह दोनों खेलों में क्वालीफाई करने वाली दूसरी तीरंदाज हैं। उनसे पहले इटली की पूर्व तीरंदाज पाओला फैनटाटो ने 1996 में यह कारनामा किया था।
नेमाती ब्राजील की मेजबानी में खेले जा रहे ग्रीष्मकालीन ओलम्पिक खेलों में पहली बार हिस्सा ले रही हैं।
वह ताईक्वांडों में ब्लैक बेल्ट भी हासिल कर चुकी हैं, लेकिन 2003 में हुई कार दुर्घटना ने उन्हें खेल की दुनिया के नए रास्ते पर ढकेल दिया।
उन्होंने शनिवार को कहा, “दुर्घटना से पहले जब में ताईक्वांडो खेलती थी तब ओलम्पिक में आना मेरा सपना था।”
उन्होंने कहा, “अब यह सपना तीरंदाजी के साथ पूरा हुआ है।”
नेमाती ने लंदन पैरालम्पिक-2012 में भी ईरान की तरफ से हिस्सा लिया था जहां उन्होंने दो पदक अपने नाम किए थे। वह ईरान की ओलम्पिक और पैरालम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं।
dharmpath.com dharmpath