मुंबई, 19 फरवरी (आईएएनएस)। लोकप्रिय पौराणिक धारावाहिक ‘सिया के राम’ में रावण की मां केकसी की भूमिका में नजर आ रहीं अभिनेत्री प्रतिमा कन्नन ने बताया कि उन्होंने कभी भी इस तरह के धारावाहिकों का हिस्सा बनने के बारे में नहीं सोचा।
‘उतरन’, ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ और ‘इश्क का रंग सफेद’ जैसे धारावाहिकों में अपने किरदारों के लिए पहचान बना चुकीं प्रतिमा ने कहा, “मैंने कभी भी पौराणिक धारावाहिकों के बारे में नहीं सोचा, लेकिन जब ‘सिया के राम’ के लिए पेशकश की गई तो मैं इसके लिए मना नहीं कर सकती थी।”
उन्होंने कहा, “मुझे धारावाहिक में ‘रामायण’ के अनदेखे पहलुओं को दिखाना पसंद है। केकसी का किरदार इससे पहले ‘रामायण’ के संस्करणों में नहीं देखा गया और यह एक कारण है कि मैंने यह किरदार स्वीकार किया। यह किरदार मजबूत और चुनौतीपूर्ण है।”
धारावाहिक में अपनी लुक के बारे में प्रतिमा ने कहा, “लुक काफी यादगार है। यह खूबसूरती से अच्छी तरह बनाया गया है।”
प्रतिमा को इससे पहले ‘वैसा भी होता है’, ‘फिजा’, ‘पिंजर’, ‘नो एंट्री’ और ‘बदलापुर’ जैसी फिल्मों में देखा जा चुका है।
स्टार प्लस चैनल के इस धारावाहिक में ‘रामायण’ को सीता के नजरिए से दिखाया जा रहा है। अभिनेता आशीष शर्मा इसमें श्रीराम और मदिराक्षी, सीता के किरदार में हैं।
अभिनेता कार्तिक जयराम इसमें रावण की भूमिका में हैं।
dharmpath.com dharmpath