प्रतापगढ़ : पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 3 बच्चों की मौत

प्रतापगढ़, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के मझिलगांव कस्बे में शनिवार देर रात एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक लगी आग से हुए विस्फोट में झुलस कर तीन बच्चों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी।

प्रतापगढ़ के अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया, “मझिलगांव कस्बे में सत्तार खां को आतिशबाजी के लिए पटाखा बनाने और सीमित विस्फोटक रखने का लाइसेंस मिला हुआ है। यह लाइसेंस भूतल के लिए था। लेकिन वह अवैध रूप से ऊपर की रिहायशी मंजिल पर पटाखा बना रहे थे, जो रसोई घर के बगल में था।”

सिंह ने बताया, “शनिवार देर रात पटाखे अचानक आग की चपेट में आ गए और विस्फोट हो गया। विस्फोट में झुलस कर शाहीन (10) की मौके पर और बंबू (7) और साबरी (8) की स्वरूपरानी अस्पताल इलाहाबाद में मौत हो गई।”

सिंह ने बताया, “इस विस्फोट में सत्तार की पत्नी शकीला, बच्चे समरीना, मनई, मोनू, सरफराज, शाहजीन व शहनवाज का इलाज स्वरूपरानी अस्पताल में चल रहा है।”

सिंह ने बताया कि यह पूरा मामला लापरवाही का परिणाम है, और इसके लिए सत्तार के खिलाफ आईपीसी की धारा 304, 308, 285, 286 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493