नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। नरसिंह पंचम यादव ने सोमवार को अपने ऊपर लगा अस्थायी प्रतिबंध हटने के बाद सभी का शुक्रिया अदा किया है।
सोमवार को राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने नरसिंह पर लगा अस्थायी प्रतिबंध हटाने का फैसला किया और इसके साथ ही नरसिंह की रियो ओलम्पिक जाने की उम्मीदें फिर से जग गई हैं।
नरसिंह ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह का भी शुक्रिया अदा किया।
प्रतिबंध से बरी होने के बाद नरसिंह ने यहां पत्रकारों से कहा, “मैं नाडा का प्रतिबंध हटाने के लिए धन्यवाद देता हूं। साथ ही मैं डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह को भी धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया। मैं उन्हीं की बदौलत आज यहां हूं। उन्हीं के कारण मैं लगातार अभ्यास भी कर पाया। वह मुझसे कहते रहते थे कि ‘आप अभ्यास करो और आप ही रियो जाओगे’।”
नरिसंह ने देश के प्रधानमंत्री और खेल मंत्रालय का भी आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, “मैं देश के प्रधानमंत्री को तहेदिल से धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने एक गरीब खिलाड़ी का साथ दिया। मैं खेल मंत्रालय का भी आभारी हूं।”
प्रतिबंध हटने के बाद काफी खुश दिख रहे नरसिंह ने साथ ही मीडिया और देशवासियों का सच का साथ देने के लिए भी आभार जताया।
नरसिंह ने कहा, “मैं मीडिया को धन्यवाद देना चाहूंगा, जिन्होंने मेरा साथ दिया। आज तक डोप में फंसे किसी खिलाड़ी का मीडिया ने साथ नहीं दिया, लेकिन आप लोगों ने मेरा साथ दिया, सच का साथ दिया। आपके कारण ही मुझे न्याया मिला, इसलिए मैं आप सभी का शुक्रिया अदा करता हूं।”
नरसिंह ने कहा कि देश को उनसे पदक की उम्मीद है और वह इस उम्मीद पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने कहा, “आप सभी को मुझसे उम्मीद है कि मैं पदक जीतूं। मैं पदक जीतने की कोशिश करूंगा, इससे बढ़ कर मेरे लिए कुछ नहीं है।”
गौरतलब है कि इसी महीने इससे पहले डोप टेस्ट में स्टेरॉयड के सेवन का दोषी पाए जाने के बाद नाडा ने नरसिंह पर अस्थायी प्रतिंबध लगा दिया था और रियो ओलम्पिक के लिए नरसिंह की जगह प्रवीण राणा को रियो के लिए चुना गया।
हालांकि अब नरसिंह के आरोपमुक्त होने के बाद राणा को वापस बुलाया जा सकता है और नरसिंह के रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
dharmpath.com dharmpath