नई दिल्ली, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। चुनाव आयोग ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री के खिलाफ अमहदाबाद में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर की गई शिकायत की जांच की जा रही है। साथ ही, चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस के निर्वाचित अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
कांग्रेस का आरोप है कि गुरुवार को प्रधानमंत्री ने मतदान के बाद ‘रोड शो’ करके आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
एक सवाल के जवाब में उप निर्वाचन आयुक्त उमेश सिन्हा ने कहा, “आज दोपहर में हमें शिकायत मिली है। इसकी जांच की जा रही है। जिसके बारे में हम आपको बताएंगे।”
अहमदाबाद स्थित रानिप में मतदान केंद्र से लौटते समय प्रधानमंत्री अपने वाहन के पायदान पर खड़े हो गए थे और सड़क किनारे खड़ी भीड़ को हाथ हिलाकर मतदान करते समय उनके हाथ में लगी स्याही दिखा रहे थे। इस तरह वह 10 से 15 मिनट तक चले थे।
सिन्हा ने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग ने राहुल गांधी की ओर से दिए गए टीवी साक्षात्कार के लिए उनके खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। आयोग की ओर से उनको सिर्फ नोटिस भेजा गया है जिसमें उनसे पांच दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है।
उन्होंने कहा, “मध्यरात्रि तक आयोग ने विचार-विमर्श किया और चुनाव की व्यस्तता के बीच हमने मुख्य निर्वाचक अधिकारी के दफ्तर से शीघ्र रिपोर्ट मंगवाई है। “
उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की ओर से लगाए गए आरोपों के संबंध में रिपोर्ट गुरुवार की रात तक गुजरात से आएगी। इसलिए मामला अभी जांच के अधीन है और इस संबंध में जो भी कुछ फैसला लिया जाएगा उसकी जानकारी बाद में दी जाएगी।
dharmpath.com dharmpath