प्रधानमंत्री के खिलाफ बयान देने वाले सांसद पर कार्रवाई करेगी तृणमूल

कोलकाता, 6 जनवरी (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि वह सांसद इदरिस अली के खिलाफ कार्रवाई करेगी। इदरिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया था कि उनके संबंध उन आतंकियों के साथ हैं, जिन्होंने पठानकोट वायुसेना अड्डे पर हमला किया था।

अली ने मंगलवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक जनसभा में कहा, “मुझे लगता है कि मोदी का संबंध आतंकियों से है। आखिर उनके पाकिस्तान दौरे के ठीक बाद यह हमला क्यों हुआ?” अली ने हालांकि कहा कि यह उनकी निजी राय है।

तृणमूल ने अली की टिप्पणी की निंदा की है और उनके खिलाफ कार्रवाई का वादा किया है।

तृणमूल के प्रवक्ता डेरेक ओ ब्रायन ने कहा, “यह टिप्पणी बहुत गलत है और पार्टी इस तरह के विचारों का समर्थन नहीं करती। उनसे इस पर लिखित में जवाब मांगा गया है। पार्टी इस पर उचित कार्रवाई करेगी।”

उत्तर 24 परगना जिले के बसीरहाट से लोकसभा सदस्य अली ने माकपा नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री गौतम देब का हाथ-पैर काटने की धमकी भी दी थी।

दरअसल, देब ने कहा था कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जेल में होना चाहिए। इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया स्वरूप अली ने कहा था, “मैं उनकी रीढ़ तोड़ दूंगा और उनके हाथ-पैर काटकर जेल में डाल दूंगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493