प्रधानमंत्री ने विदेश में बढ़ाई देश की साख: अमित शाह

इलाहाबाद, 12 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के पहले दिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पिछले दो वर्षों के दौरान जहां देश में विकास की रफ्तार बढ़ी है, वहीं दूसरी ओर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी देश की साख बढ़ी है।

इलाहाबाद के के.पी. ग्राउंड में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में दिए गए शाह के इस उद्बोधन की जानकारी केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

शाह ने कहा कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा को जिस तरह का समर्थन मिला है, वह काफी सराहनीय है। पार्टी असम में सरकार बनाने में कामयाब रही है जबकि केरल, पश्चिम बंगाल में उसके वोट प्रतिशत में इजाफा हुआ है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2017 चुनौतियों भरा साल है। इस वर्ष उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गुजरात और हिमाचल में चुनाव होने हैं। कार्यकर्ताओं को काफी मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास, शांति का अभाव है। चारों तरफ हिंसा का माहौल है। मथुरा हिंसा को लेकर शाह ने कहा कि सरकारी जमीनों को कब्जा करने वालों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। सरकार कानून व्यवस्था लागू करने में पूरी तरह से फेल साबित हुई है।

अमित शाह ने कहा कि कैराना में हिंदू परिवारों का विस्थापन हुआ है। वह भी काफी चिंताजनक है। सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा का उदय कांग्रेस के क्षीण होने की वजह से नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से हो रहा है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक पार्टी का जनाधार बढ़ रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493