प्रधानमंत्री से मिले शिवराज (लीड-1)

नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले के कारण विपक्ष के हमले का सामना कर रहे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की।

मोदी के साथ 40 मिनट की बैठक में हिस्सा लेने के बाद शिवराज ने संवाददाताओं से कहा, “यह मुलाकात नीति आयोग के उप-समूह पर चर्चा के लिए थी, जिसका मैं संयोजक हूं। उप-समूह के सभी सदस्यों ने अपनी सिफारिशें सौंपी हैं और मैं वही सूचना देने के लिए प्रधानमंत्री से मिला।”

मध्य प्रदेश सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, “उप-समूह ने अपना काम पूरा कर लिया है। सिफारिशों पर आम सहमति बनने के बाद हम रिपोर्ट सौंपेंगे।”

शिवराज ने उज्जैन में साल 2016 में होने वाले सिंहस्थ (कुंभ) की तैयारी के बारे में जानकारी सौंपी है। उन्होंने सिंहस्थ के समापन सत्र में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया।

हालांकि, सूत्रों ने बताया कि मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार भी शिवराज के एजेंडे में शामिल था।

इसी बीच, मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्ष मंडल (व्यापमं) घोटाले को लेकर संसद के दोनों सदनों में कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष द्वारा शुक्रवार को हंगामा जारी रहा।

बीते 21 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के शुरू होने के बाद दोनों सदनों की कार्यवाही लगातार बाधित होती रही है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व आयुक्त ललित मोदी से संबंधों को लेकर विपक्ष विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तथा राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के इस्तीफे की मांग रहा है, वहीं व्यापमं घोटाले को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के इस्तीफे पर भी अड़ा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493