प्रवासी श्रमिकों पर हमलों के लिए गुजरात सरकार सत्ता छोड़े : शरद यादव

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। लोकतांत्रिक जनता दल (एलजेडी) के संरक्षक शरद यादव ने मंगलवार को कहा कि भाजपा नीत गुजरात सरकार को राज्य में प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा में विफल रहने के लिए सत्ता छोड़ देनी चाहिए। उन्होंने यह बात एक बच्ची के साथ बिहार के एक मजदूर द्वारा किए गए दुष्कर्म के बाद प्रवासी श्रमिकों पर हो रहे हमलों के मद्देनजर कही है।

यादव ने एक बयान में कहा, “गुजरात सरकार अन्य राज्यों के निवासियों को सुरक्षा मुहैया कराने में विफल रही है, विशेषकर जो हिंदी भाषी राज्यों से हैं। इसलिए इस सरकार को तुरंत सत्ता छोड़ देनी चाहिए।”

उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि 28 सितंबर को साबरकांठा जिले में एक 14 माह की बच्ची से दुष्कर्म के बाद बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के मजदूरों पर व्यापक हमलों के बाद उन्हें गुजरात से भागने के लिए मजबूर होना पड़ा।

शरद ने कहा, “ये मजदूर बीते कई वर्षो से गुजरात के लोगों को अपनी सेवाएं मुहैया करा रहे हैं। आश्चर्य की बात यह है कि भाजपा केंद्र और गुजरात दोनों जगहों पर सत्ता में है, लेकिन वह अन्य राज्यों के मजदूरों को सुरक्षा देने में सक्षम नहीं है।”

उन्होंने कहा, “राज्य के प्रवासी मजदूरों की वर्तमान स्थिति दिखाती है कि भाजपा सरकार न तो वंचित वर्ग के लोगों के साथ है और न ही गरीबों व समाज के साथ..यह कुछ नहीं, बल्कि देश की एकता को खंडित करने का प्रयास है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493