चेन्नई, 27 जनवरी (आईएएनएस)। अभिनेत्री-गायिका श्रुति हासन ने अपना 29वां जन्मदिन (बुधवार) सोशल नेटवर्किं ग प्लेटफार्म पर अपने प्रशंसकों के साथ मनाने का फैसला लिया है। उन्होंने प्रशंसकों से अपने नेक कामों की तस्वीरें व विस्तृत जानकारी उन्हें पोस्ट करने के लिए कहा है।
श्रुति से जुड़े एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “श्रुति का हमेशा से ही दूसरों के जीवन में बदलाव लाने वाली चीजें करने में यकीन रहा है। वह अपने जन्मदिन पर अपने प्रशंसकों से भी कुछ ऐसा ही चाहती हैं, जिसके लिए वह एक विशेष ऑनलाइन जन्मदिन कवायद चलाएंगी।”
सूत्र ने कहा, “उन्होंने अपने प्रशंसकों से सोशल मीडिया के जरिए अपने नेक कामों की तस्वीर व जानकारी उन्हें भेजने के लिए कहा है। कुछ ऐसा जो उन्होंने किसी और के लिए किया हो। इन तस्वीरों व पोस्ट में से वह पांच सर्वश्रेष्ठ प्रशंसकों को चुनेंगी और उन्हें एक खास संदेश के साथ अपने ऑटोग्राफ वाला एक उत्पाद भेजेंगी।”
श्रुति का मानना है कि सबसे बड़ा तोहफा दूसरों को दान करना है।
dharmpath.com dharmpath