प्रेमी संग बिगड़े संबंध से तनाव में थीं प्रत्यूषा : राखी सावंत

मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। टीवी सीरियल ‘बालिका वधू’ में आनंदी का किरदार निभाने वाली प्रत्यूषा बनर्जी ने कथित तौर पर शुक्रवार को खुदकुशी कर ली। वहीं उनकी करीबी दोस्त बॉलीवुड अभिनेत्री और आइटम गर्ल राखी सावंत ने कहा कि प्रत्यूषा अपने प्रेमी राहुल राज सिंह के साथ अपने संबंधों को लेकर तनाव में थीं।

प्रत्यूषा बनर्जी ने गोरेगांव स्थित घर में फांसी लगा ली। प्रत्यूषा को गंभीर हालत में कोकिलाबेन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अब प्रत्यूषा की मौत पर सवाल उठ रहे हैं।

वहीं राखी ने आईएएनएस से कहा, “मैं अभी भी विश्वास नहीं कर सकती की वो जिंदा नहीं है, वह खुशी से जीने वालों में से थी। उसके बड़े-बड़े सपने थे, कुछ दिनों पहले मेरी उससे मुलाकात हुई और वो थोड़ी परेशान-सी थी। वह राहुल की पूर्व प्रेमिका सलोनी को लेकर तनाव में थी। वह अपने और राहुल के संबंधों को लेकर परेशान थी।”

उन्होंने कहा, “वह बहुत भावुक थी जब मैंने उससे पूछा कि क्या हुआ तो उसकी आंखों में आंसू आ गए।”

राखी ने कहा कि प्रत्यूषा अपने काम को लेकर निराश नहीं थीं, बल्कि वह अपने संबंधों को लेकर तनाव में थीं।

उन्होंने कहा, “वह राहुल के प्यार में पागल थी और कहती थी कि वो राहुल के बिना नहीं रह सकती। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है।”

मूल रूप से झारखंड के जमशेदपुर की रहने वाली प्रत्यूषा वर्ष 2010-2013 के बीच टीवी धारावाहिक ‘बालिका वधू’ में छोटी आनंदी (अविका गौर) के बाद उस किरदार को बखूबी निभाया था और घर-घर में पहचानी जाने लगीं।

इसके बाद वह ‘झलक दिखला जा-5’, ‘बिग बॉस-7’ और ‘सावधान इंडिया’ की मेजबानी करती नजर आईं।

प्रत्यूषा ने हाल ही में ‘ससुराल सिमर का’ में भी एक डायन की भूमिका निभाई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493