प्रो कबड्डी : रोमांचक मुकाबले में मुम्बा ने बुल्स को हराया (फोटो सहित)

पटना, 8 जुलाई (आईएएनएस)। कप्तान अनूप कुमार के बेहतरीन खेल की बदौलत बीते सीजन की उपविजेता यू मुम्बा टीम ने शुक्रवार को पटलीपुत्र स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में खेले गए स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग के सीजन-4 के अपने सातवें मुकाबले में बेंगलुरू बुल्स को एक अंक से हरा दिया।

निर्धारित समय की समाप्ति तक स्कोर 23-24 से मुम्बा के पक्ष में रहा। इस टीम ने हालांकि दूसरे हाफ में जोरदार वापसी करते हुए शानदार जीत हासिल की। पहले हाफ के बाद स्कोर 14-8 से बुल्स के पक्ष में था।

अनूप ने अपनी टीम के लिए प्रेरणादायी प्रदर्शन किया और कुल 11 अंक बटोरे। इनमें दो बोनस अंक शामिल हैं। इसके अलावा राकेश कुमार और सुनील कुमार ने तीन-तीन अंक अपनी टीम के खाते में डाले।

पटना चरण के पहले दिन पटना पाइरेट्स के हाथों हारने वाली बुल्स का साथ किस्मत ने नहीं दिया। यह टीम पहले हाफ की समाप्ति तक छह अंकों की बढ़त लिए हुए थी। इस टीम को स्थानीय दर्शकों का जोरदार समर्थन मिला। खासतौर पर रोहित कुमार को दर्शकों ने भरपूर उत्साह दिया लेकिन वह अपनी टीम के लिए पांच अंक ही बटोर सके।

रोहित के अलावा कप्तान सुरेंद्र नाडा ने भी पांच अंक बटोरे जबकि पवन कुमार और पवन सेहरावत ने चार-चार अंक अपनी टीम की झोली में डाले।

इस मैच में मुम्बा ने मुम्बा ने 14 रेड अंक अपने खाते में डाले जबकि बुल्स को 13 अंक ही मिले। दोनों टीमों ने दो-दो बोनस अंक हासिल किए लेकिन टेकल अंक के मामले में बुल्स ने बाजी मारी। उसे सात के मुकाबले आठ टेकल अंक प्राप्त हुए।

इस जीत ने मुम्बा को 22 अंकों के साथ आठ टीमों की तालिका में शीर्ष पर पहुंचा दिया है लेकिन उसका शीर्ष पर बने रहना तभी सम्भव हो सकेगा जब रात के दूसरे मैच में बंगाल वॉरियर्स शानदार प्रदर्शन करते हुए मौजूदा चैम्पियन पटना पाइरेट्स को हरा दें। अभी पाइरेट्स 20 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493