प्रो कबड्डी लीग : थलाइवाज को हरा पटना ने हासिल की चौथी जीत

मुंबई, 26 अगस्त (आईएएनएस)। अपने पिछले मैच से सबक लेते हुए पटना पाइरेट्स ने प्रो-कबड्डी लीग में शनिवार को खेले गए मैच में पिछली गलतियों को न दोहराते हुए तमिल थलाइवाज को मात दी।

मुंबई, 26 अगस्त (आईएएनएस)। अपने पिछले मैच से सबक लेते हुए पटना पाइरेट्स ने प्रो-कबड्डी लीग में शनिवार को खेले गए मैच में पिछली गलतियों को न दोहराते हुए तमिल थलाइवाज को मात दी।

एनएससीआई एसवीपी स्टेडियम में खेले गए मैच में पटना ने थलाइवाज को 35-24 से हराया।

सीजन-5 में अब तक खेले गए सात मैचों में पटना की यह चौथी जीत है, वहीं सात मैच खेलने वाली थलाइवाज की यह चौथी हार है।

पहली बारी में पटना के डुबकी किंग प्रदीप नरवाल को आउट कर बाहर करते हुए थलाइवाज ने अपना खाता खोला। इसका जवाब देते हुए पटना ने भी थलाइवाज की ओर से रेडर करने आए के. प्रपंजन को आउट करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर किया।

थलाइवाज ने अपना लक्ष्य साफ कर दिया था कि उसे जितना हो सके प्रदीप को मैट से बाहर रखना है, ताकि वह पटना पर अपना दबदबा बना सके। ऐस में थलाइवाज ने पटना पर 5-2 से बढ़त हासिल कर ली थी।

पहले हाफ की समाप्ति के लिए अंतिम नौ मिनट में आलम यह था कि प्रदीप की हर कोशिश को नाकाम करते हुए थलाइवाज आगे बढ़ रही थी और उसने 8-6 से बढ़त बना ली थी। पटना ने हालांकि, अपना प्रयास जारी रखा और मोनू गोयाट की सफल रेड और अच्छे डिफेंस से स्कोर 8-8 से बराबर कर लिया।

मोनू ने सफल रेड मारकर मैट पर प्रदीप की वापसी करवाई और इसके बाद प्रदीप की रेड और अच्छे डिफेंस के दम पर पटना ने पहले हाफ की समाप्ति तक थलाइवाज को ऑलआउट करते हुए पहले हाफ में 16-9 से बढ़त बना ली। मैच की शुरुआत में थलाइवाज के हाथ में नजर आई बाजी अब फिसलकर पटना के हाथों में जा पहुंची थी।

कप्तान अजय ठाकुर ने थलाइवाज को अच्छी शुरुआत दी और पटना के खिलाफ अंकों के अंतर को पाटते हुए स्कोर 13-18 किया। लेकिन प्रदीप ने अगले ही पल सफल रेड मारकर फिर स्कोर में 21-13 कर दिया। पटना ने थलाइवाज के हर प्रयास पर पानी फेरते हुए अंतिम बचे 10 मिनटों में 23-16 से बढ़त हासिल कर ली।

थलाइवाज के पाले में बचे तीन खिलाड़ियों को सुपर रेड से आउट कर मोनू ने पटना को 29-16 से बढ़त देकर मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया।

अंतिम बचे चार मिनट में पटना ने अपनी स्थिति को मजबूत कर लिया था और थलाइवाज पर 32-20 की बढ़त ले ली थी। ऐसे में थलाइवाज के लिए मैच में वापसी करना ना के बराबर था।

पटना ने थलाइवाज के हर प्रयास को कमजोर करते हुए अंतिम बचे एक मिनट में शानदार तरीके से 34-21 से बढ़त बनाई। थलाइवाज के पास अपनी हार मानने के बजाए कोई और रास्ता नहीं बचा था।

पटना ने अंतिम 36 सेकेंड में अधिक कोशिश नहीं की और समय के गुजरने का इंतजार करते हुए थलाइवाज को 35-24 से मात दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493