जयपुर, 1 जुलाई (आईएएनएस)। रोमांचक मुकाबले में जयपुर पिंक पैंथर्स ने बंगाल वॉरियर्स को प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के चौथे संस्करण के 12वें मैच में शुक्रवार को 36-33 से हरा दिया।
इस जीत के साथ जयपुर की टीम अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। वहीं, बंगाल की टीम छठें स्थान पर है।
सवाई मानसिंह स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के सामने खेलने उतरी जयपुर की टीम को जीत के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी, हालांकि पूरे मैच के दौरान जयपुर टीम बढ़त बनाए रखने में सफल रही।
बंगाल ने भी घरेलू टीम को कड़ी टक्कर दी, लेकिन वह जरूरी समय पर महत्वपूर्ण अंक गंवा बैठी जिसके कारण उसे हार झेलनी पड़ी। हालांकि उसने मैच में अंकों के अंतर को बहुत ज्यादा बढ़ने नहीं दिया।
पहले हाफ की समाप्ति के बाद जयपुर की टीम 17-16 से आगे थी। दूसरे हाफ में बंगाल ने 17-17 से बराबरी कर ली, लेकिन जयपुर ने जल्द ही फिर से बढ़त ले ली और अंत तक उसे कायम रखते हुए अपनी दूसरी जीत हासिल की।
जयपुर ने इस मैच में रेड से 24 अंक जुटाए, वहीं बंगाल ने रेड से 21 अंक अपने नाम किए। टैकल से जयपुर ने अपने खाते में नौ अंक और बंगाल ने आठ अंक जोड़े।
ऑल आउट अंक में दोनों टीमें दो-दो अंक हासिल कर पाईं। अतिरिक्त अंक में बंगाल ने बाजी मारी और दो अंक हासिल किए, जयपुर के हिस्से में एक अतिरिक्त अंक आया।
बंगाल के नितिन मदाने को मैन ऑफ द मैच चुना गया। जयपुर के जसवीर सिंह को रेडर ऑफ द मैच और जयपुर के ही शब्बीर बापू को डिफेंडर ऑफ द मैच चुना गया। जसवीर लीग के इस संस्करण में 18 अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
dharmpath.com dharmpath