पटना, 16 फरवरी (आईएएनएस)। पटना के पाटलीपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मंगलवार को हुए प्रो कबड्डी लीग (पीबीएल) के पटना चरण के पहले मैच में मेजबान पटना पाइरेट्स ने बंगाल वॉरियर्स को 32-27 से हरा कर पूरे अंक हासिल किए तथा जीत का सिलसिला जारी रखा।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों को एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा।
मैच का प्रारंभ पटना के कप्तान मनप्रीत सिंह के रेड से हुआ परंतु वह कोई अंक नहीं जुटा सके। खेल के 35 वें मिनट में बंगाल वॉरियर्स ने पटना पाइरेट्स को ऑल आउट कर अंकों के अंतर को कम किया और वापसी का पूरा प्रयास किया पर अंत में यह मुकाबला पटना के नाम रहा।
पहले हाफ में पटना पाइरेट्स की टीम बंगाल वॉरियर्स से 17-11 से आगे थी। पूरे मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
पटना पायरेट्स ने रेड से 17, टैकल से 10 और ऑल आउट से दो अंक हासिल किए। इसके मुकाबले बंगाल वॉरियर्स ने रेड से 15, टैकल से आठ और ऑल आउट से दो अंक हासिल किए।
पटना पाइरेट्स की ओर रोहित कुमार ने आठ, प्रदीप नरवाल ने छह, कप्तान मनप्रीत सिंह ने पांच, हादी और सुनील कुमार ने तीन-तीन जबकि संदीप नरवाल ने दो अंक जुटाए।
बंगाल वारियर्स के लिए जंग कुन ली ने चार, गिरीश ने पांच, श्रीकांत जाधव ने सात, उमेश महात्रे ने चार, महेश और वाजीराव ने अपनी टीम के लिए एक-एक अंक जुटाए।
dharmpath.com dharmpath