फडणवीस ने प्रस्तावित स्थल को ठाकरे स्मारक के लिए समर्पित किया

मुंबई, 17 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को शिव सेना के संस्थापक बाल ठाकरे की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर एक प्रस्तावित स्थल को ठाकरे राष्ट्रीय स्मारक के लिए समर्पित कर दिया।

यह स्मारक स्थल अरब सागर के किनारे दादर चौपाटी के समीप शिवाजी पार्क में स्थित मुंबई के पुराने मेयर बंगलों पर होगा।

फडणवीस ने कहा, “मैं आदर के साथ अपने मार्गदर्शक शक्ति, बालासाहेब ठाकरे नमन करता हूं। स्मारक के लिए इस संपत्ति को देने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। हम इसे प्राथमिकता के आधार पर करने का प्रयास कर रहे हैं।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ मंच साझा कर रहे उद्धव ठाकरे ने किसानों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री किसान राहत कोष में दो करोड़ रुपये की राशि फडणवीस को समर्पित की।

यह राशि शिवसेना के ग्राम पंचायत से लेकर, विधायकों, सांसदों के एक महीने के वेतन और शिव सेना प्रमुख द्वारा 10 लाख रुपये देने के बाद जमा की गई है।

इस जगह को फरवरी में स्मारक बनाने के उद्देश्य से बालासाहब ठाकरे राष्ट्रीय स्मारक न्यास को सौंपा गया था, जिसके अध्यक्ष खुद उद्धव ठाकरे हैं। यह बंगला 1920 में बना था और वर्ष 1964 तक मुंबई के मेयर का अधिकारिक निवास स्थल था।

इससे पहले शुक्रवार को पूरे ठाकरे परिवार और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी व अन्य ने इस प्रस्तावित स्मारक स्थल पर बाला साहेब ठाकरे को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बाद में, फडणवीस ने भी कई मंत्रियों के साथ ठाकरे को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

पूरे महाराष्ट्र से शिवसेना कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार सुबह से ही स्मारक स्थल आकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। ठाकरे का 86 वर्ष की अवस्था में वर्ष 2012 में निधन हो गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493