फरीदाबाद, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। एक तेज रफ्तार कार के स्कूल वैन से टकराने से दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले एक 7 वर्षीय छात्र की यहां शुक्रवार को मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि हादसे में मरने वाले बच्चे के परिजनों ने उसके अंग दान में दे दिए।
घटना फरीदाबाद के बुद्ध चौक के पास की है। पुलिस ने बताया कि सेक्टर 17 में एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर ने मॉडर्न पब्लिक स्कूल की वैन को टक्कर मार दी।
स्कूल वैन बिजली के पोल से जा टकराई और इसके बाद पलट गई।
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में कक्षा दो में पढ़ने वाला सक्षम मारा गया। बच्चे के परिवार ने उसके जिगर, गुर्दे और आंखों को दान कर दिया।
इस घटना में कुलेश्वर, लोकेशवर, परवेश सैनी और पूजा नाम के बच्चे घायल हुए हैं।
डॉक्टरों ने बताया कि परवेश सैनी की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया है।
स्विफ्ट डिजायर का चालक कार वहीं छोड़कर मौके से भाग गया।
पुलिस फरार चालक की खोज में जुटी है।
dharmpath.com dharmpath