फर्जी मतदाता बनाने के लिए जाली पहचान पत्र का इस्तेमाल कर रही है कांग्रेस : शाह

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को कांग्रेस पर जाली पहचान पत्र का इस्तेमाल कर फर्जी मतदाता बनाने और कर्नाटक विधानसभा में धांधली करने का आरोप लगाया। भाजपा प्रमुख ने निर्वाचन आयोग से राजाराजेश्वरी नगर व राज्य के अन्य स्थानों पर स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की।

आयोग द्वारा बेंगलुरु के राजाराजेश्वरीनगर के जलाहल्ली इलाके के एक अपार्टमेंट से 9,746 मतदाता पहचान पत्र बरामद किए जाने के एक दिन बाद शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए अमल में लाए जा रहे उनके अलोकतांत्रिक तरीकों को नाकाम कर दिया जाएगा।

शाह ने सिलसिलेवार ट्वीट के जरिए कहा, “कांग्रेस पार्टी को खुद पर शर्म आनी चाहिए! इस पार्टी में सब कुछ फर्जी है-गरीबों के लिए इनके आंसू, विकास के इनके दावे, सामाजिक न्याय के लिए इनकी प्रतिबद्धता। अब कांग्रेस फर्जी मतदाता बनाने के लिए जाली पहचान पत्र का इस्तेमाल कर रही है और 2018 में कर्नाटक के चुनाव में धांधली कर रही है।”

भाजपा प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस को विश्वास हो गया है कि कर्नाटक में उसके भ्रष्टाचार व अत्याचार का अंत होना तय है।

उन्होंने कहा, “यही कारण है कि वे जीत हासिल करने के लिए अनैतिक व अलोकतांत्रिक हथकंडे अपना रहे हैं। हालांकि उनकी कोशिशें विफल हो जाएंगी और जन शक्ति की जीत होगी।”

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा, “लोकतंत्र में भरोसा करने वाले सभी भारतीय महज सत्ता के लिए कांग्रेस द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे धोखेबाज, अलोकतांत्रिक हथकंडों के खिलाफ खड़े हों। हमारी चौकसी से ही यह सुनिश्चित हो पाएगा कि भावी पीढ़ियां आजादी और लोकतंत्र में सांस ले सकें।”

उन्होंने निवार्चन आयोग से स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग करते हुए कहा, “यह हमारी लोकतांत्रिक परंपराओं के सर्वाधिक हित मे है कि निर्वाचान आयोग निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करे। कर्नाटक के लोगों की उम्मीदों व आकांक्षाओं को कांग्रेस के साजिशों के हवाले नहीं होने दिया जा सकता है।”

कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी संजीव कुमार ने मंगलवार की देर रात कहा कि उक्त विधानसभा क्षेत्र के एक फ्लैट से 9,746 मतदाता पहचान पत्र बरामद किए गए।

कर्नाटक के सभी 225 विधानसभा क्षेत्रों में से 223 सीटों पर 12 मई को मतदान होगा और मतों की गिनती 15 मई को होगी।

दक्षिणी बेंगलुरु की जयनगर सीट पर चुनाव भाजपा प्रत्याशी की मौत के कारण टालना पड़ा है। एक सदस्य को सदन में नामित किया जाता है। इन वजहों से 223 सीट पर चुनाव हो रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493