फातुल्लाह टेस्ट : चायकाल तक भारत के 6 विकेट पर 462 रन (लीड-2)

फातुल्लाह (बांग्लादेश), 12 जून (आईएएनएस)। भारतीय सलामी बल्लेबाजों-शिखर धवन (173) और मुरली विजय (150) की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने खान साहेब उस्मान अली स्टेडियम में बांग्लादेश के साथ जारी एकमात्र टेस्ट के तीसरे दिन शुक्रवार को बारिश की आंखमिचौली के बीच चायकाल तक पहली पारी में छह विकेट के नुकसान पर 462 रन बना लिए हैं।

रविचंद्रन अश्विन दो और हरभजन सिंह सात रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। इस बीच दूसरे सत्र में खेल को बारिश के कारण दो बार रोकना पड़ा। भोजनकाल के ठीक बाद आई बारिश से काफी समय जाया हुआ। बारिश के बीच ही चायकाल की घोषणा हुई।

भोजनकाल तक तीन विकेट पर 398 रनों से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम ने दूसरे सत्र में सबसे पहले मुरली विजय का महत्वपूर्ण विकेट गंवाया। उन्हें हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब अल हसन ने पगबाधा किया।

चौथे विकेट के लिए विजय और अजिंक्य रहाणे (98) ने 114 रनों की साझेदारी की। विजय ने 272 गेंदों की पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया। विजय के बाद रिद्धिमान साहा (6) जुबैर हुसैन का शिकार हुए और पांचवें बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे।

शाकिब ने अपने टेस्ट करियर के चौथे शतक की ओर से बढ़ रहे रहाणे को बोल्ड कर भारत को छठा झटका दिया। रहाणे ने 103 गेंदों की पारी में 14 चौके लगाए।

भारत ने दिन के पहले सत्र में धवन, रोहित शर्मा (6) और कप्तान विराट कोहली (14) के विकेट गंवाए। धवन ने 195 गेंदों की तेज पारी में 23 चौके लगाए। वह मैच के पहले दिन 150 रनों पर नाबाद लौटे थे।

दूसरे दिन बारिश के कारण खेल नहीं हो सका था। धवन के साथ विजय 89 रनों पर नाबाद लौटे थे। धवन का विकेट 283 रनों पर गिरने के बाद विजय ने अपने करियर का छठा टेस्ट शतक पूरा किया।

रोहित का विकेट 291 तथा कप्तान का विकेट 310 रनों के कुल योग पर गिरा। रोहित और कोहली को शाकिब अल हसन ने आउट किया जबकि धवन को जुबैर हुसैन ने अपना शिकार बनाया।

भारतीय टीम ने अब तक 103.3 ओवर का सामना किया है और 4.46 के औसत से रन बटोरे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493