लॉस एंजेलिस, 22 जुलाई (आईएएनएस)। ऑस्कर एवं टोनी अवॉर्ड के लिए नामित हो चुके हॉलीवुड अभिनेता थियोडोर बिकेल का निधन हो गया। वह 91 साल के थे।
उन्हें ‘द साउंड ऑफ म्यूजिक’ और ‘फिडलर ऑन द रूफ’ नाटकों में उम्दा अभिनय के लिए जाना जाता था।
वेबसाइट ‘हॉलीवुडरिपोर्टर डॉट कॉम’ के अनुसार, बिकेल के प्रतिनिधि हरलान बॉल ने घोषणा की कि उनका निधन यूसीएलए मेडिकल सेंटर में मंगलवार को हुआ।
अपनी पीढ़ी के सबसे प्रतिभावान और बहुमुखी कलाकारों में गिने जाने वाले बिकेल को 1958 में आई फिल्म ‘द डिफैंट वंस’ में शेरिफ की भूमिका के लिए ऑस्कर में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के पुरस्कार के लिए नामित किया गया था।
बिकेल ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा के बल पर अपने अभिनय करियर में अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाई। फिल्म ‘द लिटिल किडनैपर्स’ में उन्होंने एक डच डॉक्टर की भूमिका निभाई थी, वहीं ‘द एनेमी बिलो’ में एक जर्मन नौसैनिक की, ‘द प्राइड एंड द पैशन’ में फ्रांसीसी जनरल और ‘माई फेयर लेडी’ में हंगरी के फोनेटिक्स विशेषज्ञ की भूमिका निभाई।
बिकेल को नाटक ‘द साउंड ऑफ म्यूजिक’ में शानदार अभिनय के लिए टोनी अवॉर्ड के लिए नामित किया गया था। इस नाटक का मंचन 1959 से लेकर 1963 तक ब्रॉडवे थियेटर में किया गया था।
उन्होंने ‘फोकसोंग्स एंड फूटनोट्स’ नाम से एक किताब भी लिखी और अपनी आत्मकथा ‘थियो’ भी लिखी, जो 1994 में प्रकाशित हुई थी।
dharmpath.com dharmpath