सिडनी, 18 मार्च (आईएएनएस)। सिडनी लिंट कैफे शुक्रवार को एक बार फिर आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा, जहां एक बंदूकधारी ने पिछले साल दिसंबर के मध्य में 18 लोगों को बंधक बना लिया था। उस घटना के बाद से ही यह कैफे बंद था।
लिंट कैफे खास तौर पर कॉफी और चॉकलेट के लिए जाना जाता है, जहां बंदूकधारी ने 16 घंटे तक लोगों को बंधक बनाए रखा था। बंदूकधारी युवक की पहचान मान हारून मोनिस के रूप में की गई थी। पुलिस ने बंधकों को मुक्त कराने की कार्रवाई के दौरान उसे मार गिराया था। हालांकि वह कैफे के प्रबंधक टोरी जॉनसन की पहले ही हत्या कर चुका था।
वहीं पेशे से वकील कैटरीना डॉसन को पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लग गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, सिडनी के केंद्रीय व्यावसायिक जिले में स्थित स्विट्जरलैंड के स्वामित्व वाली कंपनी लिंट के स्थानीय मालिक ने बुधवार को बताया कि नए फर्नीचर और नई सजावट के साथ कैफे का नवीनीकरण किया गया है।
न्यू साउथ वेल्स प्रशासन के प्रमुख माइकल बेयर्ड शुक्रवार की सुबह कैफे का दोबारा से उद्घाटन होने के पहले लोगों को संबोधित करेंगे। कैफे का उद्घाटन सुबह 10 बजे होगा।
dharmpath.com dharmpath