फिर से चुना गया तो समलैंगिक विवाह पर कराऊंगा जनमत संग्रह : टर्नबुल

सिडनी, 20 जून (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल ने सोमवार को वादा किया कि दोबारा चुनाव जीतने पर वह समलैंगिक विवाह पर कानून बनाने के लिए साल के अंत से पहले जनमत संग्रह कराएंगे।

सिडनी में एक कार्यक्रम के दौरान टर्नबुल ने कहा, “निसंदेह, अगर हम 2 जुलाई को सफल होते हैं तब मुझे उम्मीद है कि संसद जनमत संग्रह के लिए जल्द कानून बनाएगी और जनमत संग्रह संसद के दोबारा शुरू होने के कुछ दिनों बाद ही कराया जाएगा। मेरे अनुमान के मुताबिक संसद की कार्यवाही में अगस्त में शुरू होगी।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “इसलिए मैं आशा करता हूं कि जनमत संग्रह इस साल के अंत के पहले कराया जा सकता है।”

विपक्षी लेबर पार्टी के नेता बिल शॉर्टेन ने टर्नबुल से कहा कि जनमत संग्रह कराने की जगह समलैंगिक विवाह को तुरंत वैध बनाएं। उनके अनुसार इससे (जनमत संग्रह से) ‘होमोफोबिया’ (समलैंगिकों के खिलाफ डर या नापसंदगी की पूर्वधारणा) के लिए एक मंच मिल जाएगा।

शॉर्टेन ने कहा, “मैं चुनाव जीतना चाहता हूं। मैं पहले सौ दिनों में इससे जुड़े विधेयक को आगे बढ़ाना चाहता हूं।”

आस्ट्रेलिया अपने कई राज्यों में नागरिक विवाह को स्वीकार करता है, लेकिन समलैंगिक विवाह के लिए कानून बनाने में विफल रहने पर उसकी आलोचना हुई है।

उच्च न्यायालय ने साल 2013 में आस्ट्रेलियाई राजधानी क्षेत्र में समलैंगिक विवाह को इजाजत देने वाले कानून को संघीय विवाह कानून,1961 के विपरीत बताते हुए अमान्य घोषित कर दिया था।

इसी तरह के वैधानिक प्रस्ताव तस्मानिया और न्यू साऊथ वेल्स प्रान्तों में भी विफल हो गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493