मनीला, 8 जून (आईएएनएस)। फिलीपींस के आतंकवादी संगठन ‘अबु सय्याफ’ ने अपहृत किए गए चार मलेशियाई नाविकों को बोरनियो द्वीप में रिहा कर दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी ‘एफे’ की रिपोर्ट के मुताबिक, एक अप्रैल को नाविकों का अपहरण किया गया था। उन्हें आतंकवादी संगठन के एक प्रमुख गढ़ जोलो द्वीप पर मलेशियाई और फिलीपीनी मध्यस्थों के बीच बातचीत के कई दौर के बाद रिहा किया गया। रिहा किए गए नाविक बुधवार सुबह सबा के सैंडकन शहर पहुंचे।
विद्रोहियों ने नाविकों को रिहा करने की एवज में 40 लाख डॉलर की फिरौती की मांग की थी। उनकी नाव को फिलीपीनी जलक्षेत्र से बाहर निकलने के बाद मलेशिया लौटते समय कब्जे में ले लिया गया था।
आतंकवादी संगठन ने एक मई को 10 इंडोनेशियाई नाविकों को 10 लाख डॉलर के बदले रिहा किया था। उनका अपहरण मार्च में किया गया था। इसके 10 दिनों बाद ही संगठन ने अप्रैल में अगवा किए किए गए चार अन्य इंडोनेशियाई नाविकों को भी इतनी ही राशि की एवज में छोड़ा था।
आतंकवादी संगठन ने फिरौती की मांग की मियाद पूरी होने के बाद रकम नहीं मिलने पर 25 अप्रैल को कनाडा के अगवा नागरिक का सिर कलम कर दिया था।
एक जापानी, एक डच, एक कनाडाई, एक नॉर्वेयाई और उसकी फिलीपीनी प्रेमिका अभी भी संगठन की कैद में हैं।
संगठन ने मई में धमकी दी थी कि अगर उसे 60 लाख डॉलर नहीं दिए जाएंगे तो 13 जून को वह नार्वे के कजार्तन सेक्किं गस्टाड या कनाडा के रॉबर्ट हॉल का सिर कलम कर देगा।
dharmpath.com dharmpath