लास वेगास, 21 दिसम्बर (आईएएनएस)। फिलीपींस की पिया अलोंजो वुत्र्जबैच को यहां रविवार रात मिस यूनिवर्स-2015 के खिताब से नवाजा गया। इससे पूर्व सौंदर्य प्रतियोगिता के मेजबान स्टीव हार्वे ने भूलवश मिस कोलंबिया को विजेता घोषित कर दिया था, लेकिन बाद में अपनी गलती सुधार ली। भारत की उर्वशी रौतेला शीर्ष 15 में भी जगह नहीं बना सकीं।
फिलीपींस की पिया ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने के क्रम में 79 प्रतिभागियों को मात दी।
सौंदर्य मुकाबले में शीर्ष तीन में फिलीपींस, कोलंबिया और अमेरिका की प्रतिभागियों ने जगह बनाईं। इस क्रम में इन देशों की सुंदरियां नेशनल कॉस्ट्यूम, स्विमसूट और ईवनिंग वियर जैसे राउंड में अन्य देशों की सुंदरियों को पीछे छोड़ गईं।
इससे पूर्व सौंदर्य प्रतिस्पर्धा के नतीजों की घोषणा करते हुए मिस अमेरिका ओलिविया जॉडर्न को तीसरे स्थान पर घोषित किया गया और फिलीपींस की पिया को उप-विजेता घोषित गया था।
दरअसल, सौंदर्य प्रतियोगिता के मेजबान व हास्य अभिनेता स्टीव हार्वे ने गलती से मिस कोलंबिया एरिडना गुइटेररेज को मिस यूनिवर्स घोषित कर दिया था।
विजेता के रूप में अपने नाम की घोषणा सुनते ही एरिडना खुशी से उछल पड़ीं। उन्हें मिस यूनिवर्स 2014 की विजेता कोलंबियाई सुंदरी पौलिना वेगा ने क्राउन पहनाया।
एरिडना के विजेता के रूप में अपनी पहली वॉक करने के लिए आगे बढ़ते ही मेजबान स्टीव हार्वे को अपनी घोषणा संबंधी चूक का अहसास हुआ, जिसे तुरंत सुधारते हुए उन्होंने अपनी गलती स्वीकारी।
हार्वे ने वहां मौजूद लोगों को बताया, “मैं इस चूक की जिम्मेदारी लूंगा। यह कार्ड पर लिखा हुआ है।”
इसके बाद मिस यूनिवर्स 2014 वेगा भारी मन से मंच पर वापस गईं और मिस कोलंबिया एरिडना के सिर से मिस यूनिवर्स 2015 का क्राउन उतारा और इसे मिस फिलीपींस पिया को पहनाया, इस पूरे वाकया से पिया भी बेहद हैरान दिखीं।
मिस यूनिवर्स 2015 के खिताब से नवाजी गईं पिया का मानना है कि यह खिताब सम्मान के साथ-साथ एक जिम्मेदारी है। वह एचआईवी के बारे में जागरूकता लाना चाहती हैं।
भारत की उर्वशी रौतेला मिस यूनिवर्स मुकाबले में शीर्ष 15 में भी जगह नहीं बना पाईं।
सौंदर्य प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अभिनेत्री निकी नैश, मनोरंजनजगत से जुड़े पेरेज हिल्टन, पूर्व मिस यूनिवर्स ओलिविया कल्पो और अमेरिकी फुटबॉल खिलाड़ी एमिट स्मिथ शामिल रहे।
यहां प्लेनेट हॉलीवुड में आयोजित इस सौंदर्य प्रतिस्पर्धा में चार्ली पुट, सील और द बैंड पेरी(म्यूजिकल ग्रुप) जैसे संगीतकारों ने चार चांद लगा दिए।
इसके अलावा प्रतियोगिता की बाकी बची 77 प्रतिभागियों ने एक ‘सरप्राइज जज’ की भूमिका निभाई।
dharmpath.com dharmpath