मनीला, 8 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रपति रॉड्रिगो दुतेर्ते द्वारा मादक पदार्थो की तस्करी से जुड़े अधिकारियों के नाम जाहिर किए जाने के बाद फिलीपींस के लगभग 50 अधिकारियों ने समर्पण कर दिया है। इनमें मेयर और पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं।
‘सीएनएन’ के मुताबिक, फिलीपीनी नेशनल पुलिस (पीएनपी) के प्रवक्ता डियोनार्ड कार्लोस ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रपति दुतेर्ते ने रविवार के अपने भाषण में कथित तौर पर मादक पदार्थो की तस्करी से जुड़े 150 से भी ज्यादा अधिकारियों के नामों का खुलासा किया था। इसके बाद 18 मेयर और 31 पुलिस अधिकारियों ने समर्पण कर दिया है।
दुतेर्ते ने आरोपी अधिकारियों को समर्पण के लिए 24 घंटे का समय दिया था। यह समय सीमा अब समाप्त हो चुकी है।
सीएनएन की रपट के मुताबिक, कार्लोस ने कहा कि सोमवार को बाद में और भी अधिकारियों के समर्पण करने की उम्मीद है।
दुतेर्ते ने जून में पद संभाला था। उनका खास ध्यान देश को मादक पदार्थों से मुक्त करने पर केंद्रित है, जिसके लिए वह गंभीरता से अपराध रोधी एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं।
‘सीएनएन फिलीपींस’ के मुताबिक, जिन अधिकारियों ने समर्पण किया है, उनमें न्यायाधीश लोर्ना म्यूपस और पूर्व मेयर रसमैया मकाब्गो शामिल हैं।
पुलिस ने कहा कि सूची में नामित अधिकारियों में से कुछ सेवानिवृत्त हो चुके हैं और कई अभी भी कार्यरत हैं।
दुतेर्ते ने जोर देकर कहा कि आरोपी अधिकारियों को न्यायिक प्रक्रिया से गुजरने और खुद को निर्दोष साबित करने का मौका मिलेगा।
dharmpath.com dharmpath