मनीला, 4 अगस्त (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र ने फिलीपींस में मादक पदार्थ के खिलाफ आक्रामक अभियान के तहत मादक पदार्थो के संदिग्ध डीलरों व मादक पदार्थ के आदी व्यक्तियों की मौतों की निंदा की है।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एबीएस-सीबीएन रेडियो ने कहा है कि नए राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते द्वारा 10 मई को सत्ता संभालने के बाद मादक पदार्थ रोधी अभियान में बुधवार तक 810 लोग मारे जा चुके हैं।
इनमें से 496 लोगों को पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मार गिराया, 240 लोगों को अज्ञात बंदूकधारियों ने मौत की नींद सुला दी, जबकि मादक पदार्थ के कथित डीलरों के 74 शव पाए गए।
यूएन ऑफिस ऑन ड्रग्स एंड क्राइम (यूएनओडीसी) के कार्यकारी निदेशक यूरी फेदोतोव ने इसकी निंदा करते हुए कहा, “फिलीपींस में मादक पदार्थो के कथित डीलरों तथा सेवन करने वालों की न्यायेत्तर हत्याओं की रिपोर्ट आ रही हैं। दुतेर्ते का मादक पदार्थ रोधी अभियान मौलिक अधिकारों व स्वतंत्रता का उल्लंघन है।”
चुनाव प्रचार के दौरान दुतेर्ते ने लोगों से वादा किया था कि वे देश में अपराध खत्म करने के लिए अपने शासनकाल के पहले छह महीनों के दौरान हजारों अपराधियों व मादक पदार्थ के आदी लोगों को खत्म कर देंगे।
फेदोतोव ने कहा, “इस तरह की कार्रवाई इंटरनेशनल ड्रग कंट्रोल कन्वेंशंस के प्रावधानों का उल्लंघन है और इससे न्याय नहीं मिलता है। साथ ही यह सुरक्षा व समृद्धि के साथ लोगों के लिए स्वस्थ, सम्मानपूर्ण व शांति का माहौल सुनिश्चित नहीं करता है।”
dharmpath.com dharmpath