फिल्में देखते बीता बचपन : मनीष मल्होत्रा

नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। करीना कपूर, काजोल, आलिया भट्ट सहित कई बॉलीवुड अभिनेत्रियों को अपने डिजाइन किए गए खूबसूरत परिधान में शानदार लुक देने वाले सेलिब्रिटी डिजाइनर मनीष मल्होत्रा का कहना है कि वह बचपन में पढ़ने में बहुत अच्छे नहीं थे, पर उन्हें फिल्में देखना बहुत पसंद था।

मल्होत्रा ने न्यूयार्क यूनिवर्सिटी के ‘द मार्क एंड डेब्रा लेस्ली आंट्रप्रनर्स लैब’ में कहा, “मेरा पूरा बचपन थियेटर में फिल्में देखते हुए बीता। मेरा पढ़ने में मन नहीं लगता था, मेरी रुचि केवल फिल्मों में थी। स्कूल गुरुवार को बंद रहता था और शनिवार को आधे दिन का अवकाश होता था तो मैं मुंबई के बांद्रा में तीन लोकप्रिय थियेटरों- गेटी, गैलेक्सी तथा जेमिनी जाया करता था।”

बॉलीवुड के बड़े प्रशंसकों में से एक मल्होत्रा ने कहा कि उन्हें उनकी मां फिल्में देखने के लिए प्रोत्साहित करती थीं, क्योंकि उन्हें कलाकारों, संगीत, गानों और फिल्म में कलाकारों के परिधानों में रुचि थी।

बतौर डिजाइनर अपने करियर की शुरुआत से पहले मॉडलिंग कर चुके मल्होत्रा ने कहा, “किशोरावस्था में मैं अपने काम को लेकर पूरी तरह गंभीर था। मैं हमेशा से अपने जीवन में कुछ करना चाहता था। मैं अतिरिक्त पॉकेट मनी के लिए एक बुटीक से जुड़ा। फैशन में मेरी रुचि थी। मैं स्केच बनाता था और मैनेक्वीन्स पर तमाम तरह के कपड़ों को ट्राई करता था।”

मल्होत्रा पिछले 25 से भी अधिक वर्षो से बॉलीवुड के एक सफल डिजाइनर हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493