मेड्रिड, 21 मई (आईएएनएस)। नीदरलैंड्स फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष माइकल वान प्राग ने गुरुवार को फुटबाल की विश्व नियामक संस्था फीफा के अध्यक्ष पद के चुनाव से हटने की पुष्टि कर दी।
वान प्राग ने चुनाव से हटने की पुष्टि करने के साथ ही जॉर्डन के राजकुमार अली बिन अल-हुसेन के प्रति अपना समर्थन भी जाहिर किया।
फीफा अध्यक्ष पद का चुनाव इसी महीने के आखिर में होना है।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, वान प्राग ने एक वक्तव्य जारी कर चुनाव से हटने की पुष्टि की और कहा कि वह अपने इस निर्णय का खुलासा गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन में करेंगे।
वान प्राग के फीफा अध्यक्ष पद की दौड़ से हटने के बाद अब चुनावी मैदान में तीन प्रत्याशी रह गए हैं, जिनमें मौजूदा अध्यक्ष सेप ब्लाटर, पुर्तगाल के पूर्व खिलाड़ी लुइस फिगो और फीफा के मौजूदा उपाध्यक्ष जॉर्डन के राजकुमार अल हुसेन शामिल हैं।
इसी वर्ष जनवरी में फीफा अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए वान प्राग ने कहा था कि फीफा की साख पर सवालिया निशान उठने लगे हैं और भरोसा जताया था कि अगर वह अध्यक्ष बनते हैं तो वह प्रबंधन में पारदर्शिता लाएंगे।
फीफा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 29 मई को ज्यूरिख में होंगे।
dharmpath.com dharmpath