न्योन (स्विट्जरलैंड), 12 अगस्त (आईएएनएस)। यूरोप के शीर्ष फुटबाल नियामक यूईएफए के अध्यक्ष माइकल प्लाटिनी ने फीफा रिफॉर्म कमिटी के गठन को फीफा की संरचनात्मक सुधार कि दिशा में अहम कदम बताया है।
फीफा के अगले अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी जता चुके प्लाटिनी ने मंगलवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा, “फीफा में संरचनात्मक सुधार की अत्यावश्यक जरूरत को देखते हुए इस रिफॉर्म ग्रुप का गठन एक अहम पहल है।”
फीफा ने मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के पूर्व महानिदेशक फ्रांस्वा कारार्ड को फीफा की रिफॉर्म कमिटी-2016 का स्वतंत्र चेयरमैन नियुक्त कर दिया।
कारार्ड भ्रष्टाचार के व्यापक आरोपों से घिरी फीफा में संरचनात्मक सुधार के लिए गठित 11 सदस्यीय रिफॉर्म कमिटी की अध्यक्षता करेंगे।
फीफा के अगले अध्यक्ष के लिए अगले वर्ष 26 फरवरी को चुनाव होने हैं।
dharmpath.com dharmpath