सेंट पीर्ट्सबर्ग (रूस), 13 जून (आईएएनएस)। ईरान की राष्ट्रीय फुटबाल टीम ने फीफा विश्व कप में मोरक्को के खिलाफ खेले जाने वाले अपने पहले मुकाबले के लिए स्टार मिडफील्डर सईद एजातोलाही के बिना ही तैयारी की।
एजातोलाही दो मैचों के प्रतिबंध का सामना कर रहे हैं और जिसके चलते वह विश्व कप में पहला मैच नहीं खेल पाएंगे।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ग्रुप बी के अपने पहले मैच में शुक्रवार को मोरक्को से भिड़ेगा।
21 साल के एजातोलाही स्पेनिश क्लब एटलेटिको मेड्रिड का भी हिस्सा रह चुके हैं। वह ईरान की टीम के एकमात्र खिलाड़ी होंगे, जो निलंबन के कारण टीम के पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे।
फीफा की अनुशासन समिति ने पिछले साल 31 अगस्त को सियोल में दक्षिण कोरिया के खिलाफ खेले गए क्वालीफाइंग मैच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने को लेकर अक्टूबर में एजातोलाही पर दो मैचों का प्रतिबंध लगा दिया था।
उन्होंने उस मैच के 52वें मिनट में दक्षिण कोरिया के किम मिन-जेई को जानबूझ कर हेड से टक्कर मारा था। इसके बाद मैच रेफरी ने उन्हें इसके लिए रेड कार्ड दिखाया था।
एजातोलाही पहले ही एक मैच का निलंबन झेल चुके हैं जो गत वर्ष पांच सितंबर को सीरिया के खिलाफ खेला गया था और 2-2 से ड्रॉ रहा था।
कोच कार्लोस क्विरोज के मार्गदर्शन वाली ईरान की टीम फीफा विश्व कप के लिए एशियाई से क्वालीफाई करने वाली पहली टीम है।
dharmpath.com dharmpath