निझनी नोवोगोरोड (रूस), 7 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा विश्व कप के 21वें संस्करण के क्वार्टर फाइनल में फ्रांस के हाथों हार झेलने के बाद उरुग्वे के स्ट्राइकर एडिसन कवानी ने फेसबुक पर एक भावुक संदेश लिखा है।
फ्रांस ने शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में उरुग्वे को 2-0 से मात देकर उसके सफर का अंत कर दिया। कवानी हालांकि चोट के कारण इस मैच में नहीं खेले थे। उनकी कमी टीम को खली थी और लुइस सुआरेज ने भी इस बात को कबूला था।
हार के बाद कवानी ने फेसबुक पर लिखा, “दुखद? बेशक। लेकिन गर्व भी है। इस परिवार के साथ मैदान के बाहर और अंदर इस शानदार अनुभव के लिए भगवान का शुक्रिया। उरुग्वे का खिलाड़ी होने पर गर्व है। यह सब जिंदगी का हिस्सा है।”
उन्होंने अपनी टीम को संदेश देते हुए कहा कि यह समय आगे बढ़ने का है क्योंकि अभी टीम को बहुत कुछ करना है।
उन्होंने लिखा, “साथियों हमें यहां से आगे बढ़ना होगा। हमें अभी काफी कुछ करना है। सफर अभी जारी है।”
कवानी की ही बदौलत उरुग्वे इस विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच पाया। उन्होंने पुर्तगाल के खिलाफ प्री-क्वार्टर फाइनल में दो गोल करते हुए अपनी टीम को क्वार्टर फाइनल का टिकट दिलाया था।
इसी मैच में कवानी को दूसरे हाफ के अंत में चोट लग गई और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था। वह चोट से उबर नहीं पाए थे इसलिए क्वार्टर फाइनल में फ्रांस के खिलाफ नहीं खेले। कवानी ने इस विश्व कप के चार मैचों में कुल तीन गोल किए।
dharmpath.com dharmpath