गुजरात में ‘भूत’ के खिलाफ मामला दर्ज

वडोदरा, 7 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के वड़ोदरा जिले में एक महिला के आत्महत्या के प्रयास की घटना में ‘अज्ञात भूत’ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वडोदरा, 7 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के वड़ोदरा जिले में एक महिला के आत्महत्या के प्रयास की घटना में ‘अज्ञात भूत’ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वड़ोदरा के पाड्रा तालुका के चोकारी गांव में एक विवाहिता ने केरोसिन तेल छिड़ककर आग लगा ली और आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि उसके परिजनों ने उसे पूरी तरह जल जाने से पहले आग बुझा दी और उसे सरकारी एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने जब विवाहिता से आत्महत्या के प्रयास का कारण पूछा तो मनीषा पधियार ने दावा किया कि उसने ‘भूत’ के निर्देश पर यह कदम उठाया। उसने कहा, “भूत के कहने पर उसने केरोसिन तेल शरीर पर उड़ेला और फिर भूत के कहने पर माचिस से आग लगा ली।”

पुलिस ने अपना कर्तव्य निर्वहन करते हुए मामला दर्ज किया और आरोपी के नाम की जगह ‘अज्ञात भूत’ दर्ज किया।

विवाहिता के ससुराल वालों ने मीडिया को बताया कि उसने उन लोगों को आग लगाने का यही कारण बताया। पड़ोसी प्रीतिबेन ने कहा, “हमें नहीं पता, किस भूत की वह बात कर रही है। लेकिन उसने हमलोगों को भी आग लगाने की वजह यही बताया।”

मनीषा के पिता ने इस आग लगाने की कहानी को बकवास बताते हुए कहा, “मेरी बेटी ने घरेलू हिंसा से तंग आकर आत्महत्या का प्रयास किया होगा। भूत की कहानी उसके ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा गढ़ी गई है।” हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी बेटी ने कभी ससुराल वालों के बुरे व्यवहार या घरेलू हिंसा की शिकायत नहीं की थी।

पुलिस ने इस मामले में मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493