नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। भारत की अंडर-16 फुटबाल टीम का सामना पांचवें डब्ल्यूएएफएफ अंडर-16 ब्वॉयज चैम्पियनशिप में इराक और जापान से होगा।
इस चैम्पियनशिप की शुरुआत एक अगस्त से जोर्डन के किंग अब्दुल्लाह-2 इंटरनेशनल स्टेडियम में होगी।
इस दौरे का आयोजन अखिल भारतीय फुटबाल संघ द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण के साथ मिलकर किया गया है, जिसका लक्ष्य भारतीय अंडर-16 टीम को सितम्बर में होने वाले एएफसी अंडर-16 चैम्पियनशिप के लिए पूरी तरह से तैयार करना है।
राष्ट्रीय टीम निदेशक अभिषेक यादव ने कहा कि इस दौरे का लक्ष्य भारतीय टीम को उन टीमों के खिलाफ मैच खेलने का मौका देना है, जो एएफसी अंडर-16 चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।
अभिषेक ने कहा, “हमारे खिलाड़ियों को मौजूदा विजेता इराक के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा। यह हर दिन नहीं होता है। इसके अलावा, हमारा मुकाबला जापान से भी है। यह एशिया की सबसे बेहतरीन अंडर-16 टीम है। हम डब्ल्यूएएफएफ का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं, जिन्होंने हमें इस दौरे के लिए आमंत्रित किया।”
dharmpath.com dharmpath