कटक, 10 मई (आईएएनएस)। स्पेन के खिलाड़ी जुआन बारासो के दो गोल की बदौलत डीएसके शिवाजियंस फुटबाल क्लब ने बाराबती स्टेडियम में खेले गए फेडरेशन कप के मुकाबले में बुधवार को बेंगलुरू एफसी को 2-0 से मात दे दी।
शिवाजियंस के लिए दोनों गोल दूसरे हाफ में आए।
71वें मिनट में जुआन ने पहला गोल दागा वहीं 76वें मिनट में फ्री किक से जुआन ने अपना और टीम का दूसरा गोल किया।
शिवाजियंस की इस जीत के बाद ग्रुप-बी में तीन टीमें समान स्थिति पर है।
मोहन बागान ने अपने पहले मैच में शिवाजियंस को 4-0 से मात दी थी। वह एक मैच में एक जीत के साथ चार टीमों की अंकतालिका में पहले स्थान पर है। वहीं बेंगलुरू और शिवाजियंस के दो मैचों में तीन-तीन अंक हैं।
शिवाजियंस के लिए खेलने वाले किम सोंग योंग ने बेंगलुरू की रक्षापंक्ति को काफी परेशान किया। शिवाजियंस के लालइनजुआला ने नौवें मिनट में गोल करने का मौका बनाया लेकिन उनकी किक गोलपोस्ट से बाहर रही।
10 मिनट बाद बेंगलुरू के पास भी गोल करने का मौका था लेकिन कॉर्नर किक के रास्ते में जॉन जॉनसन का सिर आ गया।
काफी कोशिशों के बाद भी दोनों टीमें पहले हाफ में गोल नहीं कर सकीं।
दूसरे हाफ में बेंगलुरू ने आक्रामक खेल खेला। अनुभवी खिलाड़ी सुनील छेत्री और उनके जोड़ीदार डेनियल लालहिमपुइया ने गोल करने की काफी कोशिशें कीं लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
इसी बीच 70वें मिनट में शिवाजियंस को पेनाल्टी मिली जिसे जुआन ने गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की।
पांच मिनट बाद जुआन ने एक बार फिर अपना जादू दिखाया और 30 गज की दूरी से खूबसूरत शॉट लगाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में डाला।
dharmpath.com dharmpath