म्यूनिख, 8 नवंबर (आईएएनएस)। जर्मनी के प्रतिष्ठित लीग टूर्नामेंट बुंदेसलीगा में बायर्न म्यूनिख क्लब ने जीत का सिलसिला कायम रखते हुए स्टटगार्ट को 4-0 के अंतर से हरा दिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, शनिवार को हुए एक अन्य मैच में मेंज ने तीसरे स्थान पर मौजूद वोल्फ्सबर्ग को 2-0 से हरा दिया।
चैम्पियंस लीग में आर्सेनल को 4-1 से हराने वाली बायर्न ने स्टटगार्ट के खिलाफ चारो गोल पहले हाफ में ही कर डाले।
सर्वाधिक बार विजेता रह चुकी बायर्न टीम ने बेहद आक्रामक शुरुआत की और मैच के 11वें मिनट में ही नीदरलैंड्स के अर्जेन रोब्बेन ने पहला गोल दाग दिया। रोब्बेन को पहले गोल में असिस्ट करने वाले डगलस कोस्टा ने सात मिनट बाद ही बायर्न के लिए दूसरा गोल कर दिया।
बुंदेसलीगा के इस सीजन में सर्वाधिक गोल कर चुके रॉबर्ट लेवांडोव्स्की ने बायर्न के लिए मैच के 37वें मिनट में तीसरा गोल किया।
कोस्टा और लेवांडोव्स्की को दो असिस्ट करने के बाद जर्मनी के अंतर्राष्ट्रीय स्ट्राइकर थॉमस म्यूलर ने बायर्न के लिए मध्यांतर से ठीक पहले चौथा गोल कर दिया।
इस जीत के साथ बायर्न अंक तालिका में शीर्ष पर और मजबूत हो गया, जबकि आठवीं हार झेलने के बाद स्टटगार्ट ड्रॉप जोन में पहुंच गया।
dharmpath.com dharmpath