नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। महिला फुटबाल लीग के प्रारंभिक दौर की शुरुआत सोमवार से कटक में होगी।
अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने एक बयान में यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय स्तर पर फाइनल्स के लिए जगह बनाने हेतु इस प्रारंभिक दौर में देश की 10 टीमें क्वालीफाई करने की कोशिश करेंगी।
इस दौर के लिए टीमों को दो भागों में बांटा गया है और शीर्ष स्तर पर पहुंचने वाली दोनों समूहों की टीम को फाइनल में जाने का मौका मिलेगा।
एआईएफएफ के महासचिव कुशल दास ने कहा, “अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ की सूची में महिला फुटबाल लीग का प्रचार हमारी प्राथमिकता है और यह लीग हमारे प्रयासों को बढ़ावा देगी।”
कुशल ने कहा, “हमारा पहला लक्ष्य एएफसी एशियन कप-2018 के लिए क्वालीफाई करना है और यह लीग इस ओर हमारी महिला फुटबाल खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करती है, जिससे वह अपनी प्रतिभा को दर्शा सकें।”
एआईएफएफ के महासचिव ने कहा, “भारतीय फुटबाल के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण है। इस लीग में कुछ ऐसी महिला फुटबाल खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने हाल ही में विदेश में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। अब उनकी अपनी खुद की महिला फुटबाल लीग आ रही है और इस कारण उनके लिए माहौल और भी स्थायी और अच्छा होगा।”
एआईएफएफ के तकनीकी निदेशक स्कॉट ओ डोनेल ने कहा कि इस लीग से लड़कियों को खुद को साबित करने का मौका मिलेगा, जिससे वह अपने करियर में आगे बढ़ सकेंगी।
महिला फुटबाल लीग के लिए दो समूहों में विभाजित 10 टीमें :
ग्रुप-1 : रॉयल वाहिंगडोह एफसी (मेघालय), अलखपुरा एफसी (हरियाणा), राइजिंग स्टूडेंट एफसी (ओडिशा), न्यू क्वाट्र्ज एफसी (केरल) और बोडीलाइन एफसी (डब्ल्यूआईएफए)
ग्रुप-2 : ईस्टर्न स्पोर्टिग यूनियन एफसी (मणिपुर), केआरवाईपीएचएसए एफसी (मणिपुर), जेपियार इंस्टिट्यूट एफसी (पुद्दिचेरी), सुदेवा मूनलाइट एफसी (दिल्ली) और यूपीएफसी (उत्तर प्रदेश)
dharmpath.com dharmpath