तबरीज (ईरान), 18 सितम्बर (आईएएनएस)। एशियन फुटबाल परिसंघ (एएफसी) अंडर-16 क्वालीफायर्स के अपने दूसरे मैच में शुक्रवार को भारतीय यू-16 फुटबाल टीम ईरान के हाथों 0-3 से हार गई।
भारत के दो मैचों से तीन अंक हैं और अब उसे रविवार को लेबनॉन के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप लीग मैच खेलना है।
शुक्रवार को हुए मैच में ईरान के लिए मोहम्मद शरीफी ने 16वें, खोदामोरादी ने 43वें और घादेरी ने 57वें मिनट में गोल किए।
शुक्रवार को ही हुए एक अन्य मैच में बहरीन ने लेबनॉन को 2-1 से हरा दिया। बहरीन अपना पहला मैच भारत के हाथों 0-5 से हार गया था।
ईरान को जीत की बधाई देते हुए भारतीय कोच निकोलाई एडम ने कहा, “हम अगले साल भारत में होने वाले एएफसी यू-16 फाइनल्स में ईरान को बराबरी की टक्कर देना चाहेंगे।”
उन्होंने कहा, “ईरान को मेरा पूरा सम्मान है, लेकिन हमने उनसे कहीं मजबूत टीमों के साथ खेला है और जीत भी हासिल की है। लेकिन इस तरह के मैचों में जीत हासिल करने के लिए आपको त्रुटिरहित खेल दिखाना होता है, जिसमें हम सफल नहीं रहे।”
dharmpath.com dharmpath