फुटबाल विश्व कप क्वालीफायर : अर्जेटीना ने कोलंबिया को 3-0 से हराया

सान जुआन, 16 नवंबर (आईएएनएस)। अर्जेटीना की राष्ट्रीय फुटबाल टीम ने स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी और टीम के अन्य दो खिलाड़ियों की ओर से किए गए गोल की बदौलत विश्व कप क्वालीफायर में कोलंबिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 3-0 से जीत हासिल की।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मेसी ने मुकाबले के पहले हाफ के 10वें मिनट में ही पहला गोल दागते हुए टीम का खाता खोला।

विश्व कप क्वालीफायर में मंगलवार देर रात खेले गए इस मुकाबले में मेसी के दागे गए गोल से अर्जेटीना ने कोलंबिया पर 1-0 से बढ़त हासिल की। इसके बाद लुकास प्राटो ने 23वें मिनट में दूसरा गोल दागते हुए स्कोर 2-0 किया।

दूसरे हाफ में भी खेल पर अपना दबदबा बनाते हुए अर्जेटीना ने कोलंबिया को एक भी गोल करने का मौका नहीं दिया।

एंजेल डी मारिया की ओर से 84वें मिनट में किए गए गोल ने अर्जेटीना को कोलंबिया पर 3-0 से जीत दिलाई।

इस जीत के साथ ही रूस में 2018 में होने वाले फुटबाल विश्व कप के क्वालीफायर में दक्षिण अमेरिकी जोन में आने वाले 10 देशों की सूची में अर्जेंटीना टीम पांचवें स्थान पर पहुंच गई है।

एक अन्य मुकाबले में चिली ने उरुग्वे को 3-1 से मात दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493