फुटबॉल : मिशन इलेवन मिलियन का अगला पड़ाव होगा अहमदाबाद

नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत सरकार के सहयोग से अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) द्वारा बच्चों को फुटबाल से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रम मिशन इलेवन मिलियन मेगा फुटबाल महोत्सव का अगला चरण अहमदाबाद में आठ अप्रैल से शुरू होगा।

एआईएफएफ ने बुधवार को एक बयान जारी कर इसकी घोषणा की।

एआईएफएफ के अध्यक्ष और अंडर-17 विश्व कप की स्थानीय आयोजन समिति (एलओसी) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने इस पहल की शुरुआत की।

इस समारोह में अहमदाबाद के स्थानीय स्कूलों के छात्र मौजूद रहेंगे। छात्र इस समारोह में कई कार्यक्रम पेश करेंगे, जिसमें खेलों की प्रदर्शनी भी शामिल है। इस महोत्सव में छात्रों को मिशन इलेवन मिलियन प्रोग्राम के तहत उनके स्कूल में सिखाए गए कौशल को दिखाने का मौका मिलेगा और बाद में उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।

इस समारोह में भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया, फिल्म अभिनेता और इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम चेन्नयन एफसी के सह-मालिक अभिषेक बच्चन और एफ सी पुणे सिटी के सह-मालिक ऋतिक रोशन भी उपस्थित रहेंगे।

इस नए तरह के फुटबॉल महोत्सव के बारे में प्रफुल्ल पटेल ने बताया, “हम मिशन इलेवन मिलियन के माध्यम से भारतीय फुटबाल को नया आयाम देने की कोशिश कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि फीफा अंडर-17 विश्व कप और स्कूलों में जो प्रोग्राम चलाने की जो शुरुआत हुई है, वह हमेशा कायम रहेगी। हमारे खेल मंत्री विजय गोयल और युवाओं के पसंदीदा अभिषेक बच्चन, ऋतिक रोशन और बाइचुंग भूटिया बच्चों को फुटबाल से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।”

एआईएफएफ और भारत सरकार का मिशन इलेवन मिलियन का उद्देश्य फीफा अंडर-17 विश्व कप 2017 से पहले 1.1 करोड़ बच्चों को इस खेल से जोड़ना है। यह कार्यक्रम एआईएफएफ और सरकार के प्रयासों को दर्शाता है कि वह बच्चों को फुटबॉल के और करीब लाने और उसे विकसित करने की कोशिश कर रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493