तीस्ता नदी में पानी नहीं है : ममता

बांकुरा (पश्चिम बंगाल), 5 अप्रैल (आईएएनएस)। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस महीने भारत दौरे के दौरान तीस्ता नदी को लेकर एक संभावित समझौते की अटकलों के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि नदी में पानी नहीं है।

ममता बनर्जी ने कहा कि पड़ोसी मुल्क के साथ प्रस्तावित जल बंटवारे पर फैसला करते वक्त राज्य का हित उनकी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने इस मुद्दे पर उनसे परामर्श नहीं लिया है।

जल संकट को लेकर लोगों की चिंता पर ममता ने यहां एक रैली में कहा, “मैं क्या करूं जब पानी ही नहीं है? तीस्ता नदी में पानी नहीं है। मुकुटमनिपुर सूख चुकी है..महानंदा सूख चुकी है। अभी अप्रैल का ही महीना है। मई, जून अभी बाकी है। बारिश शुरू होने तक जुलाई का महीना आ जाएगा। तो इन तीन महीनों में..भारी जल संकट है।”

उन्होंने जल संकट से बेहाल जिले के लिए कई परियोजनाओं की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा, “3,000 करोड़ रुपये की लागत से निचले दामोदर क्षेत्र में एक तटबंध का निर्माण किया जाएगा। सिंचाई के लिए चेक डैम के निर्माण के लिए हमने 500 करोड़ रुपये की एक परियोजना शुरू की है। हम बांकुरा के आठ और प्रखंडों में अगस्त तक एक नई जलापूर्ति परियोजना शुरू करेंगे।”

हसीना सात अप्रैल को भारत के तीन दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। सात वर्षो में भारत का उनका यह पहला दौरा होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493