विंबलडन, 12 जुलाई (आईएएनएस)। स्विट्जरलैंड के दिग्गज टेनिस स्टार रोजर फेडरर ने रविवार को भारत की सानिया मिर्जा और हमवतन मार्टिना हिंगिस को विंबलडन में महिला युगल खिताब जीतने पर बधाई दी।
सानिया और मार्टिना की शीर्ष वरीय जोड़ी ने शनिवार की रात हुए फाइनल मुकाबले में एकातेरीना मकारोवा और एलेना वेस्निना की दूसरी वरीय रूसी जोड़ी को 5-7, 7-6(4), 7-5 से हराकर महिला युगल खिताब जीत लिया।
रिकॉर्ड 17 ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीत चुके फेडरर ने ट्वीट किया, “महिल युगल का यह मैच ऐतिहासिक रहा! सानिया और मार्टिना की जीत देखकर रोमांचित हूं।”
सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त युगल खिलाड़ी सानिया के करियर का यह पहला ग्रैंड स्लैम महिला युगल खिताब है। विंबलडन में 12 वर्ष पहले वह रूस की एलिसा क्लीबानोवा के साथ बालिका युगल वर्ग का खिताब जीत चुकी हैं।
दूसरी ओर मार्टिना इससे पहले दो बार (1996, 1998) महिला युगल और 1997 में महिला एकल खिताब जीत चुकी हैं।
मशहूर भारतीय साहित्यकार चेतन भगत ने भी सानिया को बधाई दी।
चेतन ने ट्वीट किया, “सानिया को विंबलडन में इस शानदार जीत की बधाई। आपने हम सभी को गौरवान्वित किया है।”
dharmpath.com dharmpath