फेड कप : जर्मनी को हरा सेमीफाइनल में पहुंचा स्विट्जरलैंड

लीपजिग (जर्मनी), 8 फरवरी (आईएएनएस)। बेलिंडा बेंसिक और मार्टिना हिंगिस की बदौलत स्विट्जरलैंड ने जर्मनी को 3-2 से हराकर टेनिस का विश्व कप माने जाने वाले फेड कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, स्विट्जरलैंड 18 साल बाद फेड कप के सेमीफाइनल में प्रवेश करने में सफल हुआ है, जिसमें बेंसिक ने दोहरी जीत दिलाई।

बेंसिक ने मार्टिना के साथ महिला युगल मैच जीतने से पहले आस्ट्रेलियन ओपन की मौजूदा चैम्पियन दूसरी विश्व वरीयता प्राप्त एंजेलिक केरबर को महिला एकल वर्ग के मैच में हराकर बड़ा उलटफेर किया।

बेंसिक ने इसके बाद मार्टिना के साथ एना लीना ग्रोइनफील्ड और आंद्रीय पेटकोविक की जर्मन जोड़ी को एक घंटा 11 मिनट तक चले मैच में 6-3, 6-2 से हरा दिया।

इससे पहले बेंसिक के हाथों महिला एकल मैच हारने के बाद केरबर ने कहा, “मैं बुरी तरह थक गई थी। कई बार आपको अपनी शारीरिक क्षमता को अंतिम बूंद तक निचोड़ना पड़ता है।”

केरबर को हराकर बेंसिक ने स्विट्जरलैंड को 2-1 से बढ़त दिला दी। हालांकि जर्मनी के लिए एन्निका बेक ने महिला एकल वर्ग का अगला मुकाबला जीत लिया और स्कोर 2-2 से बराबर कर लिया।

बेक ने 15वीं विश्व वरीयता प्राप्त टीमिया बासिंज्की को 7-5, 6-4 से हराया।

जर्मनी के लिए हालांकि ग्रोइनफील्ड और पेटकोविक युगल वर्ग का निर्णायक मुकाबला नहीं जीत पाईं।

युगल वर्ग के मुकाबले के साथ-साथ मैच गंवाने के बाद जर्मनी की कप्तान बारबरा रिटनर ने कहा, “मार्टिना ने साबित किया कि वह क्यों महिला युगल वर्ग में वर्ल्ड नंबर-1 हैं। मैं अपनी टीम में किसी को भी हार के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराना चाहूंगी।”

जर्मन टीम अब 2013 के बाद पहली बार वर्ल्ड ग्रुप-2 में जाने से बचने के लिए प्लेऑफ मुकाबला खेलेगी। वहीं स्विट्जरलैंड ने इस जीत से जर्मनी के साथ अपनी जीत-हार का आंकड़ा 2-4 कर लिया और 18 वर्ष में पहली बार फेड कप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

स्विट्जरलैंड के सामने हालांकि शीर्ष वरीय चेक गणराज्य की कठिन चुनौती होगी। दोनों टीमों के बीच 16-17 अप्रैल को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493