मुंबई, 8 फरवरी (आईएएनएस)। लश्कर-ए-तैयबा ने 26 नवंबर 2008 से पहले मुंबई पर हमले का दो असफल प्रयास किया था। 26/11 के हमले में कुल 166 लोग मारे गए थे और सैकड़ों घायल हो गए थे। सरकारी गवाह बने आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली ने सोमवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए विशेष टाडा अदालत के समक्ष अपना शपथपूर्वक बयान दर्ज कराया।
हेडली ने अपनी गवाही में बताया कि सितंबर 2008 में मुंबई पर हमले के पहले प्रयास में आतंकवादियों की नाव अरब सागर में चट्टानों से टकरा गई थी, जिससे उनके सारे गोला-बारूद समुद्र में बह गए और किसी तरह वे अपनी जान बचा पाने में कामयाब हुए।
हेडली ने कहा कि आतंकवादियों ने अक्टूबर 2008 में एक बार फिर कोशिश की और उसमें भी वही लोग शामिल थे जो पहली बार में नाकाम होकर लौटे थे। उस बार भी आतंकवादी अज्ञात कारणों से अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाए। लेकिन तीसरे प्रयास में 26/11 के हमले में आतंकवादियों ने कुल 166 लोगों की जान ले ली और उसमें सैकड़ों घायल हो गए थे।
हेडली ने लश्कर-ए-तैयबा के अपने मुख्य आका की फोटो को पहचानते हुए बताया कि उसका नाम साजिद मीर और संगठन का सरगना हाफिज सईद है। उसने बताया कि वह सईद की आग उगलते भाषणों से प्रभावित होकर 2002 में आतंकवादी संगठन में शामिल हुआ था।
हेडली ने कहा कि 2002 में लश्कर ए तैयबा के पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के मुजफ्फराबाद के ट्रेनिंग कैंप में उसने ट्रेनिंग ली थी।
अपराध के उद्देश्य को बताते हुए हेडली ने कहा कि यह आतंकवादी हमला भारतीय सेना के खिलाफ कश्मीरी अलगाववादियों के समर्थन में किया गया।
हेडली फिलहाल अमेरिका की एक जेल में सजा काट रहा है और वह वहीं से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए अपना बयान दर्ज करा रहा है। हेडली 26/11 मुंबई आतंकवादी हमलों में सरकारी गवाह है।
वरिष्ठ अभियोजन वकील उज्जवल निकम अभियोजन पक्ष की पैरवी कर रहे हैं जबकि आपराधिक मामलों के वकील महेश जेठमलानी विशेष टाडा अदालत के न्यायाधीश जी.ए.सनाप के समक्ष हेडली का पक्ष रख रहे हैं।
हेडली के साथ तीन लोग हैं, जिनमें उसका वकील जॉन, एक अमेरिकी वकील साराह और एक अज्ञात शख्स बॉब है। हेडली ने सुबह 7.30 बजे शपथ ली, जिसके बाद निकम ने उनसे सवाल पूछने शुरू कर दिए।
शुरुआत में हेडली ने बताया कि उसका जन्म अमेरिका में 30 जून, 1960 को हुआ था। वह बाद में पाकिस्तान जाकर बस गया, जहां उसने अपना नाम बदलकर दाऊद सैयद गिलानी कर दिया।
हेडली (54) ने अपने पासपोर्ट की विस्तृत जानकारियां और 26/11 हमले से पहले 2006 से 2008 के बीच आठ बार मुंबई आने और एक बार नई दिल्ली जाने का ब्यौरा दिया, जिसमें से वह सात बार मुंबई पाकिस्तान के रास्ते, एक बार संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रास्ते आया था। अंतिम बार जब वह मुम्बई आया था, उसके बाद ही यहां हमले हुए थे।
कुछ ही घंटों की कार्यवाही में निकम ने हेडली से लगभग पांच दर्जन सवाल पूछे। हेडली ने खुलासा किया कि उसके वीजा आवेदन पत्र में दर्ज अधिकतर जानकारी गलत हैं।
हेडली ने लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी होने की बात कबूल की। उसने इस आतंकवादी संगठन में अपने संपर्क में किसी साजिद मीर के होने का भी खुलासा किया।
विशेष अभियोजन वकील निकम ने कार्यवाही की पूर्व संध्या पर कहा था, “यह पहली बार है कि एक आतंकवादी दूसरे देश से गवाही दे रहा है और साक्ष्य दे रहा है।”
हेडली के इन साक्ष्यों से अभियोजन पक्ष को मुंबई हमलों में हेडली के साथी षडयंत्रकारियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
पिछले साल 10 दिसंबर को हुई सुनवाई में विशेष न्यायाधीश ने हेडली को माफ कर दिया था और कुछ शर्तो के साथ सरकारी गवाह बनने को कहा था, जिसे हेडली ने कबूल कर लिया था।
न्यायाधीश सनाप ने हेडली से 26/11 मामले से संबंधित सभी जानकारियों का खुलासा करने को कहा है, जो उसने अमेरिकी अदालतों को बताई हैं।
dharmpath.com dharmpath