वाशिंगटन, 28 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने बुधवार को मुख्य ब्याज दरों को 0.25-0.5 फीसदी के लक्षित दायरे में बनाए रखने की घोषणा की और आर्थिक विकास को संबल देने के लिए नरम मौद्रिक नीति पर चलते रहने का वादा किया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक फेड ने दो दिवसीय मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक के बाद कहा कि गत वर्ष के आखिर में श्रम बाजार की स्थिति सुधरी है, लेकिन आर्थिक विकास की दर घटी है और पारिवारिक खर्च तथा कंपनियों का निवेश हाल के महीनों में धीमी गति से बढ़ा है।
फेड की नीति निर्मात्री समिति फेडरल ओपेन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) ने एक बयान में कहा, “कमेटी लगातार वैश्विक आर्थिक और वित्तीय घटनाक्रमों पर नजर बनाए हुए है और श्रम बाजार तथा महंगाई की स्थिति पर उसके प्रभाव का आंकलन कर रही है।”
गत वर्ष दिसंबर में फेड ने अपनी ब्याज दर 25 आधार अंक बढ़ाई थी। यह वृद्धि 2006 के बाद पहली बार की गई थी।
विश्लेषकों का अनुमान है कि फेड 2016 में चार मर्तबा दर बढ़ाएगा। फेड अध्यक्ष जेनेट येलेन ने हालांकि कहा है कि यह पूरी तरह से आंकड़ों पर आधारित होगा और फेड दर बढ़ाने के लिए किसी पहले से बनाई हुई नीति का पालन नहीं करेगा।
dharmpath.com dharmpath