नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। हमेशा अपने आत्मविश्वास और स्टाइल स्टेटमेंट को लेकर सराही जाने वाली अभिनेत्री और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन ने बताया कि वह फैशन को लेकर जागरूक नहीं हैं।
सुष्मिता ने एक ई-मेल साक्षात्कार में आईएएनएस को बताया, “मुझे नहीं पता कि मैं फैशन को लेकर जागरूक हूं या नहीं, क्योंकि मैं सीजन फॉलो नहीं करती। मेरे लिए फैशन के लिए कोई नियम नहीं है। अगर हरा रंग फैशन में है तो आप शायद मुझे संतरी में देख सकते हैं, इसलिए मैं खुद को फैशन के प्रति जागरूक नहीं कहती, लेकिन मुझे फैशन की जानकारी है।”
अभिनेत्री ने कहा कि अगर वह चलन का अनुसरण करती हैं तो उनके लिए यह अच्छा है।
41 वर्षीया अभिनेत्री ने कहा कि ‘स्टाइलिश’ शब्द उनसे जुड़ सकता है।
उन्होंने कहा, “निश्चित रूप से मेरी खुद की स्टाइल है। मैं फैशन के प्रति ज्यादा जागरूक नहीं हूं।”
सुष्मिता इससे पहले 2010 की बॉलीवुड फिल्म ‘नो प्रॉब्लम’ और बंगाली फिल्म ‘निरबाक’ में नजर आ चुकी हैं।
dharmpath.com dharmpath