फोटो पत्रकार चंदु म्हात्रे नहीं रहे (लीड-1)

मुंबई, 13 जून (आईएएनएस)। वैश्विक स्तर पर चर्चित फोटो पत्रकार चंदु म्हात्रे का 66 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पिछले चार दशक में उन्होंने भारत की प्रमुख राजनीतिक खबरों से संबंधित फोटोग्राफ लिए थे।

म्हात्रे के निधन की जानकारी उनके परिवार के सदस्यों ने दी। उन्होंने बताया कि उनका निधन शुक्रवार को जुहू स्थित उनके आवास में हुआ।

हाल के वर्षो में म्हात्रे ने मुंबई के बदलते शहरीकरण पर कई फोटो लिए थे और उनकी प्रदर्शनी भी लगाई थी। इससे संबंधित एक प्रदर्शनी दो माह पहले ही दिल्ली में हुई थी।

म्हात्रे की तस्वीरों में समाचारों की पुरानी शैली की स्पष्ट छाप देखने को मिलती है। उन्होंने एसोसिएटेड प्रेस और रायटर्स जैसी समाचार एजेंसियों के लिए तस्वीरें ली थी। साथ ही ‘इलस्ट्रेटिड वीकली ऑफ इंडिया’ के अतिरिक्त विभिन्न अग्रणी भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रकाशनों के लिए भी उन्होंने काम किया।

उनके द्वारा खीचीं गई तस्वीरें भारत और विश्व के अग्रणी प्रकाशनों में छपी हैं।

म्हात्रे ने 1970 के दशक में शुरू हुए नक्सली आंदोलन से लेकर 1980 के दशक के शुरुआती वर्षो में जरनैल सिंह भिंडरावाले के नेतृत्व में पंजाब में विद्रोह, भोपाल गैस त्रासदी और प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या जैसी प्रमुख खबरों के लिए फोटोग्राफी की।

उन्होंने पंजाब के अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में ‘ऑपरेशन ब्लूस्टार’ और ‘ऑपरेशन ब्लैक थंडर’ से संबंधित तस्वीरें भी ली थीं। उनके फोटो संग्रह में वर्ष 1989 में तिब्बत में विद्रोह के बाद मैक्लॉडगंज में ली गई दलाई लामा की तस्वीर और बाबरी विध्वंस मामले की तस्वीरें भी शामिल है।

म्हात्रे अक्सर कहा करते थे, “मैं ऐसा फोटोग्राफर हूं, जो सबसे पहले खबरों से प्रेरित होता और बाकी चीजें बाद में याद आती हैं।”

म्हात्रे के परिवार में उनकी पत्नी विनीता और बेटी मल्लिका हैं। विनीता इतिहासकार हैं, जबकि मल्लिका डिजाइन तथा कम्युनिकेशन पेशे से जुड़ी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493